रविवार, 23 नवंबर, 2008 को 09:07 GMT तक के समाचार
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने देश में आतंकवाद, नक्सलवाद और उग्रवाद की 'चुनौतियों' से निपटने के लिए टास्क फ़ोर्स के गठन का सुझाव दिया है.
प्रधानमंत्री रविवार को दिल्ली में पुलिस प्रमुखों के दो दिवसीय वार्षिक सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे जिसमें देश भर के आला पुलिस अधिकारी हिस्सा ले रहे हैं.
उन्होंने ख़ुफ़िया व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी जो़र दिया.
मनमोहन सिंह का कहना था, "मैं टास्क फ़ोर्स के गठन का सुझाव देता हूँ जो 100 दिनों के भीतर आतंकवाद, नक्सलवाद और उग्रवाद की उभरती चुनौतियों से निपटने के लिए अपना सुझाव दे."
सुझाव
प्रधानमंत्री के अनुसार टास्क फ़ोर्स का सुझाव राज्यों और केंद्र पुलिस बलों की एकीकृत क्षमता के विकास पर आधारित होगा.
मनमोहन सिंह का कहना था कि आतंकवाद, नक्सलवाद और उग्रवाद से निपटने के लिए टास्क फ़ोर्स विभिन्न पहलुओं का अध्ययन करेगा और इंटरनेट पर सारी जानकारी एकत्रित होगी.
केंद्र और रज्य दोनों की ऐजेंसियां इसका लाभ उठा सकती हैं.
प्रधानमंत्री के अनुसार टास्क फ़ोर्स की देखरेख राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार करेंगें और इस में राज्यों और केंद्रीय ऐजेंसियों के अधिकारियों का मुनासिब प्रतिनिधित्व भी होगा.
उनका कहना था, "100 दिनो की अवधि में टास्क फ़ोर्स एक मसौदा तैयार कर लेगा जो इंटरनेट आधारित जानकारी की समझ को आगे बढ़ा सकेगा और आने वाले महीनों में कैसे काम करना है इसका भी तरीक़ा बताएगा."