http://www.bbcchindi.com

रविवार, 23 नवंबर, 2008 को 14:23 GMT तक के समाचार

राज और बाल ठाकरे की मुलाक़ात

शिवसेना से अलग होकर अपनी पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना का गठन करने के बाद राज ठाकरे ने पहली बार अपने चाचा और शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे से मुलाक़ात की है.

राज ठाकरे के मुताबिक़ वे अपने चाचा की कुछ पुरानी किताबें लौटाने गए थे लेकिन चाचा-भतीजे की मुलाक़ात को लेकर कई तरह की अटकलें भी लगाई जा रही हैं.

वर्ष 2006 में राज ठाकरे ने शिवसेना से अलग होकर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना का गठन किया था. आख़िरी बार राज ठाकरे अपने चाचा बाल ठाकरे से 23 जनवरी 2006 को उनके जन्मदिन पर मिले थे.

उद्धव ठाकरे से मतभेद के बाद राज ठाकरे ने शिवसेना से अलग अपना रास्ता चुना था. हालाँकि बाल ठाकरे ने बीच-बचाव की पूरी कोशिश की थी लेकिन बात नहीं बन पाई थी.

बयान

रविवार को हुई इस मुलाक़ात के दौरान उद्धव ठाकरे भी मौजूद थे. उद्धव ठाकरे शिवसेना के कार्यकारी अध्यक्ष हैं.

मुलाक़ात के बाद राज ठाकरे ने पत्रकारों को बताया, "मेरे पास उनकी कुछ पुरानी किताबें थीं, जो मैं लौटाने गया था. हमने कई पुरानी बातें की, लेकिन राजनीति पर कोई चर्चा नहीं हुई."

राज ठाकरे ने बताया कि रविवार सुबह बाल ठाकरे ने फ़ोन करके उनसे किताबें मंगवाई थी. उन्होंने कहा कि इतने अंतराल के बाद बाल ठाकरे से मिलकर उन्हें काफ़ी ख़ुशी हुई.

बाल ठाकरे का स्वास्थ्य इस समय ख़राब चल रहा है इसलिए वे सक्रिय राजनीति से दूर हैं और पार्टी का कामकाज उद्धव ठाकरे देख रहे हैं.