शुक्रवार, 14 नवंबर, 2008 को 18:12 GMT तक के समाचार
पाकिस्तान के अशांत समझे जाने वाले सूबा सरहद की राजधानी पेशावर में एक जापानी पत्रकार और उनके अफ़ग़ान सहयोगी पर बंदूकधारियों ने फ़ायरिंग की.
जापान के पत्रकार मोतोकी योत्सुकुरा अपनी गाड़ी से जा रहे थे तभी अज्ञात बंदूकधारियों ने उन्हें रोक लिया.
गाड़ी में सवार अफ़ग़ान पत्रकार समी यूसुफ़ज़ई ने अस्पताल में पत्रकारों को बताया, "तीन लोगों ने हमें रोका. एक ने मुझ पर पिस्तौल तान दिया. जब मैंने विरोध किया तो उसने गोली चला दी."
बंदूकधारियों की गोलीबारी में योत्सुकुरा, यूसुफ़ज़ई और चालक घायल हो गए.
माना जा रहा है कि बंदूकधारी पत्रकारों को अगवा करने की कोशिश कर रहे थे.
विदेशी नागरिकों पर पाकिस्तान के इस इलाक़े में लगातार हमले तेज़ हुए हैं.
गुरुवार को एक ईरानी राजनयिक को अगवा कर लिया गया और उनके चालक की गोली मार कर हत्या कर दी.
इसी दिन एक अमरीकी सहायताकर्मी और उसके ड्राइवर की हत्या कर दी गई थी.
पेशावर और आस-पास के इलाक़ों को अलक़ायदा और तालेबान का मज़बूत गढ़ माना जाता है.