मंगलवार, 11 नवंबर, 2008 को 18:41 GMT तक के समाचार
कांग्रेस की वरिष्ठ नेता मारग्रेट अल्वा ने अनुशासनात्मक कार्रवाई की आशंकाओं के बीच पार्टी महासचिव के पद से इस्तीफ़ा दे दिया है.
अल्वा ने कुछ दिन पहले आरोप लगाया था कि कर्नाटक चुनावों के दौरान पार्टी में टिकटों की खरीद बिक्री हुई थी. इन आरोपों के बाद अल्वा का मामला अनुशासन समिति को सौंप दिया गया था.
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार मंगलवार को अल्वा ने सोनिया गांधी से मुलाक़ात कर के इस्तीफ़े की पेशकश की थी और दोपहर तक उन्होंने इस्तीफ़ा सौंप दिया.
कांग्रेस की कार्यकारी समिति और केंद्रीय चुनाव समिति की सदस्य अल्वा इससे पहले अनुशासनात्मक समिति के चेयरमैन एके एंटनी के समक्ष पेश हुई थीं जहां उनसे पूछताछ हुई.
माना जाता है कि कर्नाटक चुनावों में अल्वा अपने पुत्र निवेदित को टिकट नहीं मिलने से नाराज़ थीं.
एंटनी ने बाद में सोनिया गांधी से मिलकर अपनी रिपोर्ट दे दी थी.
अभी ये साफ़ नहीं हुआ है कि अल्वा का इस्तीफ़ा स्वीकार किया गया है या नहीं. साथ ही अभी आलाकमान ने कोई फ़ैसला नहीं सुनाया है.
लेकिन कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वीरप्पा मोइली ने कहा है कि विवाद में घिरीं कांग्रेस महासचिव मार्गरेट अल्वा ने पार्टी के अनुशासन को भंग किया है और ऐसा कांग्रेस पार्टी में बर्दाश्त नहीं किया जाता है.
कांग्रेस की अनुशासनिक समिति के अध्यक्ष वीरप्पा मोइली ने मीडिया को बताया, "पार्टी के नेता का क़द कितना भी बड़ा या छोटा हो, सार्वजनिक तौर पर आरोप लगाना दुर्भाग्यपूर्ण है और ये कांग्रेस में बर्दाश्त नहीं होता. कांग्रेस पार्टी की नज़र में सभी बराबर हैं."