http://www.bbcchindi.com

मारग्रेट अल्वा के बयान पर हलचल

कांग्रेस महासचिव मारग्रेट अल्वा के एक बयान को लेकर पार्टी में हलचल है. उन्होंने कह दिया था कि कर्नाटक में हुए चुनाव में कांग्रेस पार्टी के टिकट बिके थे.

कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने मारग्रेट अल्वा के आरोपों को ठुकरा दिया है. लेकिन उन्होंने इस बात पर कोई टिप्पणी नहीं की कि मारग्रेट अल्वा पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है.

अभिषेक मनु सिंघवी ने दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत में कहा, "कांग्रेस पार्टी ऐसे बयानों से सहमत नहीं है. ऐसी शिकायतों को सार्वजनिक रूप से नहीं जाहिर करना चाहिए."

समाचार एजेंसियों के मुताबिक़ कांग्रेस की केंद्रीय अनुशासनात्मक कार्रवाई समिति के पास इस मामले को भेजा सकता है और पार्टी मारग्रेट अल्वा पर कार्रवाई कर सकती है.

नाराज़गी

ग़ौरतलब है कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव में मारग्रेट अल्वा के बेटे निवेदित को टिकट नहीं दिए जाने को लेकर मारग्रेट अल्वा नाराज़ थीं.

गुरुवार को उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी विभिन्न राज्यों में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट के बँटवारे को लेकर 'अलग मापदंड' अपना रही है.

उन्होंने सवाल किया था कि उनके बेटे और पूर्व केंद्रीय मंत्री सीके जाफ़र शरीफ़ के पोते को क्यों टिकट नहीं दिया गया.

मारग्रेट अल्वा का कहना है कि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राज्यस्थान और भारत प्रशासित जम्मू-कश्मीर में होने वाले चुनाव में अनके नेताओं के सगे-संबंधियों को टिकट दिया गया है.