गुरुवार, 06 नवंबर, 2008 को 13:30 GMT तक के समाचार
महाराष्ट्र में उत्तर भारतीयों पर हमले के विरोध में बिहार से सत्तारुढ़ जनता दल (यूनाइटेड) के लोकसभा से सांसद इस्तीफ़ा दे रहे हैं.
इससे पहले राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष और केंद्रीय रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव ने भी घोषणा की थी कि 15 नवंबर तक कोई कारगर क़दम नहीं उठाया गया तो उनकी पार्टी के सांसद भी त्यागपत्र दे देंगे.
नई दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत में जनता दल (यू) संसदीय दल के नेता प्रभुनाथ सिंह ने बताया, "शुक्रवार सुबह पार्टी के सभी पाँच सांसद लोकसभा अध्यक्ष को अपना इस्तीफ़ा सौंप देंगे."
उन्होंने कहा कि ऐसे हमलों में शामिल लोगों को महाराष्ट्र सरकार शरण दे रही है और इस कारण उनकी पार्टी के पास कोई विकल्प नहीं है.
'कार्रवाई नहीं'
प्रभुनाथ सिंह ने कहा, "अभी तक दोषियों के ख़िलाफ़ कोई कार्रवाई नहीं हुई है. ऐसा तब हो रहा है, जब बिहार के सभी दलों के सांसदों ने कुछ दिन पहले प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मिलकर कार्रवाई की मांग की थी."
लेकिन पार्टी अध्यक्ष शरद यादव ने यह स्पष्ट कर दिया कि राज्यसभा से किसी भी सांसद को इस्तीफ़ा देने की आवश्यकता नहीं. शरद यादव ख़ुद भी राज्यसभा सांसद हैं.
बिहार में जनता दल (यूनाइटेड) के नेतृत्व में गठबंधन सरकार चल रही है जिसका नेतृत्व नीतीश कुमार कर रहे हैं.
नीतीश कुमार ने भी पहले ही घोषणा कर दी थी कि छठ पर्व के बाद पार्टी के सभी पाँच सांसद इस्तीफ़ा दे देंगे.