http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 03 नवंबर, 2008 को 17:30 GMT तक के समाचार

साध्वी को न्यायिक हिरासत में भेजा गया

महाराष्ट्र के मालेगाँव में हुए बम धमाके के सिलसिले में गिरफ़्तार साध्वी प्रज्ञा को नासिक की अदालत ने सोमवार को 17 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में सौंप दिया.

साथ ही एटीएस ने एक पत्रकारवार्ता में दावा किया कि उसने धमाकों के सिलसिले में तीन और लोगों को गिरफ़्तार किया है.

हालांकि एटीएस ने जांच प्रभावित होने का हवाला देते हुए इस मामले में अधिक जानकारी देने से इनकार कर दिया.

इसके पहले मुंबई आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने सोमवार को अदालत में एक प्रत्यक्षदर्शी के आधार पर साध्वी प्रज्ञा सिंह और अभिनव भारत नामक संस्था के सदस्य रामजी के बीच हुई बातचीत का ब्यौरा पेश किया.

सोमवार को अदालत में साध्वी थोड़ी देर के लिए बेहोश भी हो गईं थीं.

साध्वी पर शिकंजा

अदालत में अभियोजन पक्ष ने कहा कि साध्वी प्रज्ञा सिंह ने रामजी से पूछा था कि धमाके में मरने वालों और घायलों की संख्या इतनी कम क्यों है ?

अभियोजन पक्ष का कहना था कि साध्वी ने ये भी पूछा था कि क्या पुलिस ने विस्फोट में इस्तेमाल की जाने वाली उसकी मोटरसाइकिल जब्त कर ली?

एटीएस के मुताबिक रामजी ने साध्वी से कहा कि ''मैंने अपना काम कर दिया.''

समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार अदालत ने जब साध्वी से पूछा कि क्या उन्हें कुछ कहना है तो साध्वी ने कहा, '' मुझे बहुत कुछ कहना है और इसके लिए काफ़ी वक्त चाहिए.''

साध्वी ने अदालत से यह भी पूछा कि 'क्या मुझे इंसाफ़ मिलेगा?'

दूसरी ओर अभिनव भारत संस्था की प्रमुख हिमानी सावरकर का कहना है कि साध्वी प्रज्ञा सिंह को राजनीतिक कारणों से गिरफ़्तार किया गया है और ये सब साजिश का हिस्सा है.