शनिवार, 01 नवंबर, 2008 को 21:58 GMT तक के समाचार
अफ़ग़ानिस्तान में सैन्य अधिकारियों का कहना है कि अमरीकी और अफ़ग़ान सेना ने विभिन्न कार्रवाइयों में 20 चरमपंथियों को मारा है.
सेना का कहना है कि ये कार्रवाइयाँ शुक्रवार को अफ़ग़ानिस्तान के पूर्वी और दक्षिणी हिस्से में हुई हैं.
अधिकारियों का कहना है कि बम बनाने के एक ठिकाने पर मारे गए छापे में 10 चरमपंथी मारे गए और दो संदिग्ध चरमपंथियों को हिरासत में लिया गया है.
सैन्य अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने इस कार्रवाई में एक आम नागरिक के मारे जाने की शिकायत की जाँच की थी और पाया कि इसमें कोई तथ्य नहीं है.
इसके अलावा सेना ने चरमपंथियों के एक ठिकाने पर की गई कार्रवाई में सात लोगों को मारा है.
उनका कहना है कि इनमें एक महिला भी शामिल है.
समाचार एजेंसी एपी के अनुसार शनिवार को भी अफ़ग़ानिस्तान के पूर्वी प्रांत कुनार में अमरीकी सेना ने तालेबान चरमपंथियों के ठिकानों पर कार्रवाई जारी रखी.
सैन्य अधिकारियों का कहना है कि पाकिस्तान की सीमा से लगे इस इलाक़े में यह कार्रवाई उस समय की गई जब सैन्य टुकड़ी पर अफ़ग़ान विरोधियों ने हमला कर दिया.