शुक्रवार, 31 अक्तूबर, 2008 को 22:20 GMT तक के समाचार
भारतीय जनशक्ति पार्टी की नेता उमा भारती ने इस बात से इनकार किया है कि उनकी पार्टी महाराष्ट्र के मालेगाँव में हुए धमाके के सिलसिले में गिरफ़्तार साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर को चुनाव लड़वाने जा रही है.
उन्होंने कहा कि पार्टी के कुछ लोगों की राय ज़रुर यह थी कि उन्हें चुनाव लड़वाया जाए लेकिन पार्टी के फ़ोरम पर ऐसा कोई फ़ैसला नहीं हुआ है.
इससे पहले मीडिया में ख़बरें आई थीं कि भारतीय जनशक्ति पार्टी ने साध्वी प्रज्ञा को मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में टिकट देने की पेशकश की है.
दरअसल पार्टी के राष्ट्रीय सचिव इंदर प्रजापति ने भोपाल में पत्रकारों से बातचीत में कहा था कि अगर वे (प्रज्ञा) चाहेंगी तो उनकी पार्टी उन्हें किसी भी विधानसभा सीट भाजपा के ख़िलाफ़ चुनाव लड़वाने को तैयार है.
साध्वी का बचाव
उमा भारती ने शुक्रवार को साध्वी को चुनाव लड़वाने की अटकलों पर विराम लगाते हुए कहा कि वे साध्वी को लेकर कोई राजनीति नहीं करना चाहतीं.
उन्होंने साफ़ किया कि पार्टी के कुछ लोगों की राय ज़रुर है कि साध्वी प्रज्ञा को चुनाव लड़वाया जाए लेकिन यह पार्टी का फ़ैसला नहीं है.
उमा भारती ने कहा कि उन्हें साध्वी से पूरी हमदर्दी है लेकिन वे इसे लेकर राजनीति नहीं करना चाहतीं.
इससे पहले उमा भारती कह चुकी हैं कि वे साध्वी प्रज्ञा को बहुत पहले से जानती हैं और वे बम विस्फोट जैसा कोई कार्य कर ही नहीं सकतीं.
उन्होंने इस पूरे मामले की जाँच करवाने की भी माँग की है.
पिछले महीने मालेगाँव में हुए धमाकों के सिलसिले में महाराष्ट्र की आतंकवाद निरोधक शाखा (एटीएस) ने साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर को गिरफ़्तार किया है.
अदालत ने एटीएस के अनुरोध पर साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर का पॉलीग्राफ़, ब्रेन मैपिंग और नॉर्को टेस्ट कराने का आदेश दिया है.