शुक्रवार, 31 अक्तूबर, 2008 को 23:30 GMT तक के समाचार
गुरुवार को हुए सिलसिलेवार बम विस्फोटों के बाद स्थिति का जायज़ा लेने के लिए शनिवार को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह असम का दौरा करने जा रहे हैं.
इन विस्फोटों में कम से कम 76 लोगों की मौत हुई है और तीन सौ से अधिक लोग घायल हैं.
मनमोहन सिंह असम से ही राज्यसभा के सदस्य हैं.
संभावना है कि उनके साथ यूपीए प्रमुख सोनिया गांधी भी जाएँगीं, हालांकि इसकी अधिकृत रुप से घोषणा नहीं की गई है.
केंद्रीय गृहमंत्री शिवराज पाटिल पहले से ही गुवाहाटी में हैं.
उन्होंने शुक्रवार को राज्य की स्थिति का आकलन करने के लिए एक बैठक भी ली है.
अधिकारियों का कहना है कि मनमोहन सिंह असम के राज्यपाल शिवचरण माथुर, मुख्यमंत्री तरुण गोगोई और उनके मंत्रियों सहित राज्य के कई आला अधिकारियों से मिलेंगे.
संभावना है कि प्रधानमंत्री गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल जाकर घायलों से भी मुलाक़ात करेंगे.
इससे पहले विस्फोट की कड़ी निंदा करते हुए मनमोहन सिंह कह चुके हैं कि इन विस्फोटों के लिए ज़िम्मेदार लोगों को पकड़ने के लिए हर संभव क़दम उठाए जाएंगे.