http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 31 अक्तूबर, 2008 को 12:32 GMT तक के समाचार

मालेगाँव धमाके की जाँच में आईबी भी

मालेगाँव धमाकों के मामले में एटीएस एक सेवारत लेफ़्टिनेंट कर्नल से पूछताछ करना चाहती है, जो इस समय मध्य प्रदेश के पंचमढ़ी में नियुक्त हैं.

सेना के अधिकारियों पर उठते सवालों के बीच सरकार ने कहा है कि ख़ुफ़िया ब्यूरो भी इस मामले की जाँच कर रहा है.

शुक्रवार को दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत करते हुए रक्षा मंत्री एके एंटनी ने कहा कि ख़ुफ़िया ब्यूरो महाराष्ट्र पुलिस के साथ मिलकर मालेगाँव धमाके और उसमें सैनिक अधिकारियों की भूमिका की जाँच कर रहा है.

मालेगाँव धमाके में सैनिक अधिकारियों की कथित भूमिका के बारे में सवालों के जवाब में एंटनी ने कहा, "महाराष्ट्र पुलिस और आईबी इस मामले की जाँच कर रहे हैं. देखिए जाँच का नतीजा क्या निकलता है. सेना भी इस जाँच में पूरा सहयोग दे रही है."

एक सेवारत लेफ़्टिनेंट कर्नल की भूमिका पर एंटनी ने आगे कुछ भी कहने से इनकार कर दिया. उन्होंने कहा कि इस मामले की जाँच हो रही है और इस समय वे आगे कुछ और नहीं कहना चाहते.

सेना ने गुरुवार को घोषणा की थी कि उसने संबंधित अधिकारी को मुंबई भेज दिया है ताकि पुलिस के साथ वे सहयोग करें और मालेगाँव धमाके की जाँच आगे बढ़े.

सितंबर में मालेगाँव में धमाका हुआ था जिसमें छह लोगों की मौत हो गई थी.

महाराष्ट्र पुलिस की आतंकवाद निरोधक शाखा (एटीएस) ने इस मामले में साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर, रिटायर्ड मेजर रमेश उपाध्याय और उनके सहयोगी शरद कुलकर्णी को गिरफ़्तार किया है.