http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 30 अक्तूबर, 2008 को 10:11 GMT तक के समाचार

अफ़ग़ान मंत्रालय में आत्मघाती हमला

अफ़ग़ानिस्तान की राजधानी काबुल में सूचना और संस्कृति मंत्रालय के अंदर हुए आत्मघाती हमले में कम से कम पाँच लोग मारे गए हैं.

पुलिस का कहना है कि मंत्रालय के अंदर एक आत्मघाती हमलावर ने अपने को उड़ा लिया. धमाके में 20 लोग घायल भी हुए हैं.

धमाका इतना ज़बरदस्त था कि मंत्रालय की इमारत बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है. इमारत के शीशे टूट गए हैं और सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा है.

बीबीसी संवाददाताओं का कहना है कि काबुल में मंत्रालयों की सुरक्षा काफ़ी कड़ी होती है और इस तरह के हमले आम तौर पर नहीं होते.

ज़िम्मेदारी

समाचार एजेंसियों को भेजे अपने संदेश में तालेबान ने इस हमले की ज़िम्मेदारी ली है. मंत्रालय में एक कर्मचारी ने बीबीसी संवाददाता इयन पैनल को बताया कि दो या तीन लोग ज़बरदस्ती मंत्रालय में घुस गए.

उनमें से एक व्यक्ति ने अपने शरीर पर विस्फोटक बाँध रखी थी और बाद में उसने उसमें धमाका कर दिया.

तालेबान के प्रवक्ता ज़बीउल्लाह मुजाहिद ने समाचार एजेंसियों को बताया कि तीन लोगों ने इस हमले को अंजाम दिया.

उन्होंने बताया कि दो लोगों ने मंत्रालय के सुरक्षाकर्मियों पर गोली चलाई और फिर वहाँ से निकल गए और तीसरा व्यक्ति मंत्रालय के अंदर घुस गया.

धमाका काफ़ी तगड़ा था और इस कारण मंत्रालय की छह-मंज़िला इमारत बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.

धमाके के कारण मंत्रालय के अगल-बगल स्थित इमारतों के शीशे भी टूट गए. धमाके के बाद मंत्रालय के बाहर अफरा-तफरी का माहौल था.