गुरुवार, 30 अक्तूबर, 2008 को 11:19 GMT तक के समाचार
पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ़ अली ज़रदारी और प्रधानमंत्री यूसुफ़ रज़ा गिलानी ने असम में हुए सिलसिलेवार धमाकों की कड़ी निंदा की है और कहा है कि आतंकवाद के हर रुप को कुचलने की ज़रुरत है.
भारतीय नेताओं को भेजे अपने एक संदेश में ज़रदारी ने विस्फ़ोट में मारे गए लोगों के प्रति संवेदना प्रकट की.
प्रधानमंत्री गिलानी ने एक अलग संदेश में इस घटना को आतंकवादी घटना करार दिया और कहा कि विभिन्न देशों को मिलकर आतंकवाद के ख़तरे से निपटना चाहिए.
उधर भारत सरकार ने भी इन धमाकों की निंदा की है लेकिन विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी ने केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया है.
विपक्षी नेता लालकृष्ण आडवाणी ने कहा कि ये धमाके पूरे देश में असुरक्षा के माहौल को दर्शाते हैं.
उन्होंने कहा, '' केंद्र सरकार आतंकवाद से निपटने में असफल रही है. पिछले दिनों बांग्लादेश से बड़ी संख्या में घुसपैठिए आए हैं और इन धमाकों में इन घुसपैठियों का भी हाथ हो सकता है. ''
बीजेपी के अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने भी केंद्र सरकार को निशाना बनाते हुए कहा कि सरकार भ्रम में है और बांग्लादेशी घुसपैठियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई नहीं करने के कारण ही ऐसी स्थिति बनी है.