बुधवार, 29 अक्तूबर, 2008 को 21:17 GMT तक के समाचार
मालेगांव विस्फोट मामले में गिरफ़्तार सेना के पूर्व मेजर और एक अन्य व्यक्ति को नासिक की अदालत ने दस नवंबर तक के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया है.
29 सितंबर को महाराष्ट्र के मालेगाँव और गुजरात के मोडासा में विस्फोट हुआ था.
मालेगाँव विस्फोट की जाँच कर रही महारष्ट्र की आतंकवाद विरोधी शाखा (एटीएस) ने पुणे में रहने वाले सेना के पूर्व मेजर रमेश उपाध्याय और मध्य प्रदेश के इंदौर के रहने वाले समीर कुलकर्णी को मंगलवार को गिरफ़्तार किया था.
महाराष्ट्र पुलिस ने नासिक की अदालत को बताया है कि समीर कुलकर्णी इंदौर में अभिनव भारत के नाम से संगठन चलाते हैं.
मुहिम की ज़रूरत
अदालत ने दोनों के नार्को, ब्रेन मैपिंग और पोलीग्राफी परीक्षण करने की भी अनुमति दी है.
इन दोनों को मालेगाँव बम विस्फोट में इस्तेमाल विस्फोटक मुहैया कराने के आरोप में गिरफ़्तार किया गया है.
पुलिस ने इससे पहले इसी मामले में साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर को गिरफ़्तार किया था जिन पर पुलिस का आरोप है कि मालेगाँव में विस्फोट के लिए जो मोटरसाइलक इस्तेमाल की गई वो साध्वी के नाम से दर्ज था.
अदालत में सरकारी वकील ने दावा किया कि साध्वी प्रज्ञा ठाकुर के सात समीर कुलकर्णी के लंबे अरसे से संबंध रहे हैं.