http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 27 अक्तूबर, 2008 को 05:41 GMT तक के समाचार

बीनू जोशी,
बीबीसी संवाददाता, जम्मू

किश्तवाड़ में पांच चरमपंथी मरे

जम्मू कश्मीर के किश्तवाड़ ज़िले मे सोमवार सुबह हुई एक मुठभेड़ में सेना ने कम से कम पांच चरमपंथियों को मार गिराया है और अभी मुठभेड़ जारी है.

सेना का कहना है कि ज़िले के पहाड़ी इलाक़ों में ये मुठभेड़ हुई है. सेना के प्रवक्ता के अनुसार जम्मू से 230 किलोमीटर उत्तर पूर्व में मेतवन में सेना ने घेरा डाला था.

सेना को चरमपंथियों के मौजूद होने के बारे में गुप्त जानकारी मिली थी जिसके बाद इलाक़े को घेरा गया.

प्रवक्ता का कहना था, '' सोमवार की सुबह हमें पता चल गया कि चरमपंथी कहां छुपे हैं और फिर गोलीबारी शुरु हो गई. सेना ने पांच चरमपंथियों को मार गिराया.''

सेना के अनुसार अंतिम रिपोर्ट मिलने तक मुठभेड़ जारी थी.

प्रवक्ता की मानें तो यह सेना के लिए बड़ी सफलता है क्योंकि आने वाले दिनों में राज्य में चुनाव हैं और चरमपंथियों की सरगर्मियां बढ़ गई हैं.

चरमपंथियों ने ज़िले के कई इलाक़ों में पोस्टर चिपकाए हैं और लोगों से ''आगामी चुनावों का बहिष्कार करने की मांग '' की है.

सेना ने इस इलाक़े में और टुकड़ियां भेजी हैं क्योंकि ऐसी आशंका व्यक्त की गई है कि अभी भी कुछ और चरमपंथी इन क्षेत्रों में छिपे हुए हैं.