http://www.bbcchindi.com

अल्ताफ़ हुसैन
बीबीसी संवाददाता, श्रीनगर

प्रदर्शनकारियों पर गोलीबारी, एक की मौत

भारत प्रशासित कश्मीर के बारामूला शहर में भारत विरोधी प्रदर्शनकारियों पर हुई पुलिस गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई है और दो अन्य घायल हो गए हैं.

इस घटना के बाद राजधानी श्रीनगर से उत्तर में स्थित बारामूला शहर में कर्फ़्यू की घोषणा कर दी गई है.

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि शुक्रवार को आज़ादी के लिए हुए प्रदर्शनों के बाद पुलिस ने इलाक़े में कई गिरफ़्तारियाँ की हैं और उनके घरों में तोड़-फोड़ की है.

रविवार को इसके विरोध में हो रहे प्रदर्शनों के दौरान पुलिस और ग़ुस्साए लोग भिड़ गए.

पुलिस ने पहले भीड़ पर आँसू गैस के गोले छोड़े और इसके बाद भीड़ पर गोली चला दी.

गोलीबारी में एक 20 वर्षीय लड़के की मौक़े पर ही मौत हो गई. पुलिस की गोलीबारी में दो अन्य लोग घायल भी हुए हैं.

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर ज़रूरत से ज़्यादा बल प्रयोग किया.