http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 25 अक्तूबर, 2008 को 08:39 GMT तक के समाचार

काबुल में तीन विदेशी नागरिकों की हत्या

पुलिस का कहना है कि अफ़ग़ानिस्तान की राजधानी काबुल में अज्ञात बंदूकधारियों ने तीन विदेशी नागरिकों की गोली मारकर हत्या कर दी.

हमले में मारे गए दो विदेशियों की नागरिकता का अभी पता नहीं चल पाया है. जबकि तीसरी एक महिला है और उनके पास दक्षिण अफ़्रीका और ब्रिटेन की नागरिकता थी.

महिला एक राहत एजेंसी के साथ काम किया करती थीं.

शुरूआती ख़बरों में संदेह ज़ाहिर किया गया था कि मारे गए दो विदेशी जर्मन नागरिक हैं.

शहर के शेरपुर इलाक़े में स्थित कुरियर कंपनी डीएचएल के कार्यालय के सामने यह वारदात हुई. यहाँ कई विदेशी नागरिक रहते हैं.

काबुल में बीबीसी संवाददाता मार्टिन पेशेन्स का कहना है कि हाल के दिनों तक राजधानी को अपेक्षाकृत सुरक्षित जगह माना जाता था.

सुरक्षा की चिंता

बीबीसी संवाददाता का कहना है कि हमलों की ताज़ा घटनाओं से ख़ासतौर पर विदेशी नागरिकों में सुरक्षा संबंधी चिंताएँ बढ़ जाएँगी.

इससे पहले सोमवार को भी बंदूकधारियों ने काबुल में एक महिला राहतकर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी थी. मारी गई महिला को दक्षिण अफ्रीका और ब्रिटेन की दोहरी नागरिकता हासिल थी.

ख़बरों के मुताबिक़ तालेबान चरमपंथियों का कहना है कि उन्होंने महिला राहतकर्मी की हत्या इसलिए की क्योंकि वह एक ईसाई समूह के लिए काम करती थी.

गेली विलियम नामक 34 वर्षीय यह महिला राहतकर्मी 'सर्व अफ़ग़ानिस्तान' नामक एक संगठन के लिए काम करती थी.

मोटरसाइकिल पर सवार बंदूकधारियों ने राह चलते गोली मारकर उनकी हत्या कर दी थी.

इससे पहले अगस्त माह में राजधानी काबुल के नज़दीक तालेबान ने तीन विदेशी महिलाओं की हत्या कर दी थी.