http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 23 अक्तूबर, 2008 को 07:35 GMT तक के समाचार

यासीन मलिक श्रीनगर में गिरफ़्तार

भारत प्रशासित राज्य जम्मू कश्मीर में पुलिस ने चुनाव बहिष्कार का अभियान शुरु करने वाले अलगाववादी नेता यासीन मलिक को गिरफ़्तार कर लिया है.

पुलिस ने जम्मू कश्मीर लिबरेशन फ़्रंट (जेकेएलएफ़) नेता यासीन मलिक को उनके घर से गिरफ़्तार किया है.

उन्होंने बुधवार को राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव के बहिष्कार का अभियान शुरु किया था.

भारत के चुनाव आयोग ने 17 नवंबर से सात चरणों में चुनाव करवाने की घोषणा की है.

अलगाववादी गुटों ने इन चुनावों का बहिष्कार करने की घोषणा की है.

उनकी माँग है कि राज्य में विधानसभा के चुनाव करवाने की जगह आज़ादी की माँग पर जनमत संग्रह करवाया जाना चाहिए.

यासीन मलिक ने बुधवार को बांदीपोरा ज़िले में एक रैली को संबोधित करते हुए लोगों से चुनाव में हिस्सा न लेने की अपनी की थी.

पुलिस का कहना है कि उन्हें ग़ैरक़ानूनी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में गिरफ़्तार किया गया है.

थोड़े दिनों पहले कश्मीर की आज़ादी की माँग कर रहे कई अलगाववादी नेताओं को गिरफ़्तार किया गया था जिसमें यासीन मलिक भी थे. लेकिन बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया था.