http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 23 अक्तूबर, 2008 को 05:19 GMT तक के समाचार

मणिकांत ठाकुर
बीबीसी संवाददाता, पटना

मुंबई में हमलों पर प्रधानमंत्री से मुलाक़ात

मुंबई में उत्तर भारतीय छात्रों की पिटाई के मामले पर गुरुवार को हुई सर्वदलीय बैठक में फ़ैसला लिया गया है कि राज्य के सभी दलों का एक प्रतिनिधिमंडल ज़ल्दी ही प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मिलकर हमलों में शामिल लोगों के ख़िलाफ़ कार्रवाई की माँग करेगा.

पिटाई के विरोध में बुधवार को बड़े पैमाने पर हुई तोड़फोड़ के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने यह सर्वदलीय बैठक बुलाई थी. बैठक में राज्य सभी दलों के नेता शामिल हुए और मुंबई की घटनाओं की निंदा की.

बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि नागरिकों को संविधान में मिले अधिकारों पर हो रहे हमलों को केंद्र सरकार गंभीरता से ले.

राज्य में कम से कम चार रेलवे स्टेशनों पर प्रदर्शनकारियों ने फिर से तोड़फोड़ की है और रेल यातायात में बाधा पहुँचाई.

पटना से शुरु होने वाली सभी ट्रेनों को गुरुवार के लिए भी रद्द कर दिया गया है.

उल्लेखनीय है कि बुधवार को बिहार के विभिन्न शहरों और क़स्बों में नाराज़ छात्रों ने व्यापक पैमाने पर तोड़फोड़ की थी और इसके चलते राज्य में कई जगह रेल यातायात बाधित हुआ था और कम से कम 50 ट्रेनों पर इसका असर पड़ा था.

आधा दर्जन से अधिक रेलगाड़ियों में तोड़फोड़ हुई थी वहीं कम से कम तीन रेलगाड़ियों के कई कोच जला दिए गए थे.

इस तोड़फोड़ की वजह से बहुत सी ट्रेनों को रद्द कर दिया गया था.

तोड़फोड़

रेलवे प्रशासन का कहना है कि गुरुवार को आंदोलनकारियों ने लखीसराय, बिहार शरीफ़, मोतीहारी और नदवा रेलवे स्टेशनों पर तोड़फोड़ की है.

अधिकारियों का कहना है कि लखीसराय रेलवे स्टेशन पर सबसे ज़्यादा तोड़फोड़ हुई है.

पूर्व-मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी एसी चंद्रा के अनुसार इस तोड़फोड़ के कारण बहुत सी ट्रेनों को रोक देना पड़ा है या रद्द करना पड़ा है.

उन्होंने बताया, "पटना से शुरु होने वाली सभी ट्रेनों को गुरुवार के लिए रद्द कर दिया गया है."

इस बीच पूर्व मध्य रेलवे के सूत्रों ने बताया कि मुगलसराय-पटना के बीच स्तिति सामान्य होने के बाद रेलगाड़ियों का परिचालन धीरे-धीरे सामान्य हो रहा है.

रद्द की गई ट्रेनों के बारे में उन्होंने बताया, "गुरुवार को दिन भर स्थिति का जायज़ा लेने के बाद यह फ़ैसला किया जाएगा कि उन्हें फिर कब शुरु किया जा सकता है."

राजनीति

उल्लेखनीय है कि बुधवार को हुए तोड़फोड़ के बाद राष्ट्रीय जनता दल ने आरोप लगाया था कि मुंबई में छात्रों की पिटाई की नाराज़गी की आड़ में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राजनीति कर रहे हैं और रेलमंत्री लालू प्रसाद यादव की छवि ख़राब करने के लिए रेलवे में तोड़फोड़ करवा रहे हैं.

जबकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रशासन और पुलिस से इस आंदोलन पर क़ाबू पाने के लिए आवश्यक क़दम उठाने और रेलवे सहित सभी सार्वजनिक संपत्ति को नुक़सान से बचाने के निर्देश दिए थे.

उल्लेखनीय है कि एमएनएस के कार्यकर्ताओं ने रविवार को मुंबई के सीमावर्ती इलाक़ों में रेलवे में भर्ती के लिए परीक्षा देने के लिए उत्तर भारत से वहाँ पहुँचे परीक्षार्थियों पर हमला किया और उन्हें परीक्षास्थल से खदेड़ दिया था.

इस मारपीट की वजह से बाद में एक छात्र की मौत भी हो गई थी.