बुधवार, 22 अक्तूबर, 2008 को 11:29 GMT तक के समाचार
मणिकांत ठाकुर
बीबीसी संवाददाता पटना
बिहार के खगड़िया ज़िले के दुधौला घाट के पास गंगा नदी में बुधवार सुबह हुई एक नाव दुर्घटना में कम से कम 24 लोगों की मौत हो गई है. तीन लोग अब भी लापता हैं.
खगड़िया के ज़िलाधिकारी उदय नारायण ठाकुर ने बीबीसी को बताया कि नदी से अबतक 24 शव निकाले जा चुके हैं और ग़ोताख़ोर बाकी लोगों की तलाश के लिए अभियान चला रहे हैं.
अब तक जिन लोगों के शव नदी से निकाले गए हैं उनमें 23 महिलाएँ और एक पुरुष हैं.
नाव के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद उसपर सवार तीन लोग तैरकर नदी से बाहर निकल आए.
तबाही
ज़िलाधिकारी ने बताया कि नाव पर क़रीब 30 लोग सवार थे. जिनमें से अधिकतर दुधौला गांव के निवासी खेतिहर मज़दूर थे.
ये लोग मज़दूरी करने गंगा के उस पार के गांवों के खेतों में जा रहे थे.
ज़िला प्रशासन ने नाव हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को मृतकों के अंतिम संस्कार के लिए पंद्रह-पंद्रह सौ रुपए की तत्काल आर्थिक सहायता दी है.
ज़िलाधिकारी ने बताया कि नाव दुर्घटना में मारे गए लोगों को बाढ़ में मरने वाले लोगों के परिजनों की ही तरह आर्थिक सहायता दी जाएगी.
बाढ़ में मरने वाले लोगों को सरकार एक लाख रुपए की आर्थिक सहायता देती है.