http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 21 अक्तूबर, 2008 को 11:26 GMT तक के समाचार

कल्याण में राज समर्थकों का हंगामा

उत्तर भारतीयों के ख़िलाफ़ हिंसा भड़काने के मामले में न्यायिक हिरासत में भेजे गए महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के प्रमुख राज ठाकरे के समर्थकों ने कल्याण में बहुत हंगामा किया है.

फिलहाल राज ठाकरे को कल्याण जेल ले जाया गया है और कल कल्याण के कोर्ट में उनके एक मामले की सुनवाई होगी.

ठाकरे के कल्याण पहुंचने से पहले उनके समर्थकों ने हंगामा किया और कई दुकानों में आग लगा दी है.

राज को दो मामलों में जमानत मिली है और उन्हें चार नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेजा गया है.

ठाकरे के ख़िलाफ़ एक अन्य मामले की सुनवाई 22 अक्तूबर को होगी.

इसका अर्थ ये हुआ कि राज को मंगलवार की रात जेल हवालात में बितानी होगी.

राज ठाकरे को खैरवाड़ी पुलिस थाने में दर्ज मामले में ज़मानत मिली है. इस बारे में और जानकारी देते हुए सरकारी वकील माजिद मेमन ने बताया कि खैरवाड़ी थाने के चेतना कालेज में रेलवे की परीक्षा देने आए दूसरे राज्यों के छात्रों पर हमले के मामले में पहले ही मनसे के 20 कार्यकर्ताओं को ज़मानत मिल चुकी है और इसी मामले में राज ठाकरे को भी ज़मानत मिली है.

मेमन का कहना था, "मेरी जानकारी में उनके ख़िलाफ़ कुछ और थानों में मामले दर्ज हैं और सभी मामलों में क़ानून अपना काम करेगा. जो ज़मानत मिली है उसमें कुछ शर्तें हैं कि राज को अगले कुछ दिन थाने में जाना पड़ेगा और उन्हें हिदायत है कि वो सबूतों के साथ छेड़छाड़ न करें".

राज ठाकरे के वकीलों में से एक अखिलेश चौबे ने बताया है कि राज के ख़िलाफ़ तीन मामलों में से दो मामले में उन्हें ज़मानत मिली है.

राज ठाकरे को मंगलवार की सुबह रत्नागिरी से गिरफ़्तार किया गया था.

हंगामा

उन्हें दिन में बांद्रा कोर्ट में पेश किए जाने से पहले पार्टी कार्यकर्ताओं ने ज़बर्दस्त हंगामा किया.

इस हंगामे को रोकने के लिए कोर्ट के बाहर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा था.

मनसे कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर पथराव किया और वहां खड़े मीडियाकर्मियों को भी निशाना बनाया.

इससे पहले सुबह में राज ठाकरे की गिरफ़्तारी के बाद महाराष्ट्र के कुछ इलाक़ों में छिटपुट हिंसा भी हुई है.

मुंबई में कुछ टैक्सी ड्राइवरों के साथ मारपीट की भी ख़बरें हैं.

राज ठाकरे पर रविवार को मुंबई में रेलवे भर्ती बोर्ड की परीक्षा में हिस्सा लेने आए उत्तर भारतीय छात्रों पर हमले करने के लिए अपने कार्यकर्ताओं को उकसाने का आरोप है.

बीबीसी के मुंबई संवाददाता ज़ुबैर अहमद ने पुलिस अधिकारियों के हवाले से ख़बर दी है कि राज ठाकरे की गिरफ़्तारी को देखते हुए पूरे महाराष्ट्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है.

इस बीच मुंबई के कई इलाक़ों से ख़बरें आई हैं कि राज ठाकरे के समर्थकों ने कई टैक्सियों में तोड़फोड़ की है और कई ट्रकों को जलाने का प्रयास किया है.

समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार बोरीवली में कुछ लोगों ने ट्रकों को जलाने का प्रयास किया है.

ख़बरें हैं कि कांग्रेस के नेता संजय निरुपम के निवास पर पथराव भी किया गया है.

इसके पहले सोमवार को उत्तर भारतीय परीक्षार्थियों पर हमले के सिलसिले में मुंबई पुलिस ने 150 एमएनएस कार्यकर्ताओं को गिरफ़्तार किया था.

उन पर भी रविवार को मुंबई में रेलवे भर्ती बोर्ड की परीक्षा में हिस्सा लेने आए उत्तर भारतीय छात्रों पर अपने कार्यकर्ताओं को हमले के लिए उकसाने का आरोप है.

साथ ही बिहारवासियों पर कथित रूप से अपमानजनक टिप्पणियां करने के एक अन्य मामले में राज ठाकरे के ख़िलाफ़ जमशेदपुर की एक अदालत ने ग़ैरज़मानती वारंट जारी कर रखा है.

मुंबई पुलिस का कहना है कि जमशेदपुर अदालत का वारंट उन्हें मिल चुका है और अब वे उस पर कार्रवाई करेंगे.