http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 21 अक्तूबर, 2008 को 16:08 GMT तक के समाचार

इम्फाल में धमाकाः 17 की मौत 20 घायल

भारत के पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर की राजधानी इम्फाल में एक विस्फोट में कम से कम 17 लोगों की जानें गई हैं और 20 अन्य घायल हो गए हैं.

यह धमाका पुलिस कमांडो की एक बैरेक के क़रीब हुआ. पुलिस का कहना है कि हताहत हुए लोगों में से अधिकतर नागरिक थे.

किसी ने इस हमले की ज़िम्मेदारी नहीं ली है.

इससे दो दिन पहले ही मुख्यमंत्री के निवास के बाहर संदिग्ध चरमपंथियों ने ग्रेनेड से हमला किया था.

संवाददाताओं का कहना है कि मणिपुर में कई विद्रोही गुट सक्रिय हैं.

इनमें से कुछ राज्य की स्वतंत्रता के लिए लड़ रहे हैं तो कुछ और आदिवासी इलाक़ों की स्वायत्तता चाहते हैं.