सोमवार, 20 अक्तूबर, 2008 को 11:12 GMT तक के समाचार
फ़ैसल मोहम्मद अली
बीबीसी संवाददाता
छत्तीसगढ़ के बीजापुर ज़िले में हुए बारूदी सुरंग विस्फोट और बाद की मुठभेड़ में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ़) के बारह जवान मारे गए हैं, जबकि छह घायल हैं.
सीआरपीएफ़ के उप पुलिस महानिरीक्षक आरएस सोता ने कहा है कि यह मुठभेड़ बीजापुर-भोपाल पट्टनम राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित कोंगापल्ली गाँव के पास हुई.
घायलों को फ़िलहाल ज़िला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस बल के आला अधिकारी घटना स्थल पर पहुँच गए हैं. घटनास्थल ज़िला मुख्यालय से 22 किलोमीटर दूर है.
छत्तीसगढ़ पुलिस के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक गिरधारी नायक ने बीबीसी से कहा कि सीआरपीएफ़ की यह टुकडी गश्त के लिए इलाक़े में गई थी कि नक्सलियों ने वहाँ धमाका कर दिया.
घटना
उन्होनें घटना में दो विद्रोहियों के मारे जाने की बात भी कही हालाँकि इन दोनों की लाश अभी पुलिस को नहीं मिल पाई है.
सीआरपीएफ़ सूत्रों का कहना है की मारे गए जवान नक्सलियों की गोलियों का शिकार हुए हैं.
सूचना के अनुसार विद्रोहियों ने पहले तो बारूदी सुरंग विस्फोट किया और इससे पहले कि जवान संभाल पाते, गश्ती दल पर फ़ायरिंग शुरू हो गई.
पाँच साल पहले क़रीब-क़रीब इसी जगह माओवादियों ने विस्फोट कर एक आम नागरिक सहित नौ लोगों की हत्या कर दी थी. उस समय भी वहाँ विधानसभा चुनाव होने वाले थे.