http://www.bbcchindi.com

रविवार, 19 अक्तूबर, 2008 को 17:21 GMT तक के समाचार

सुबीर भौमिक
बीबीसी के पूर्वोत्तर भारत संवाददाता

विस्फोट में मणिपुर के मुख्यमंत्री बचे

भारत के पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर की राजधानी इंफाल में मुख्यमंत्री आवास के पास बम विस्फोट हुआ है.

लेकिन पुलिस का कहना है कि मणिपुर की राजधानी इंफाल के बाबूपारा इलाक़े में हुए इस धमाके से मुख्यमंत्री आवास को कोई क्षति नहीं पहुँची है.

मुख्यमंत्री ओकराम इबोबी सिंह सुरक्षित हैं. धमाके के समय वे अपने आवास में ही थे.

लेकिन धमाके से शहर के मुख्य डाकघर को नुकसान हुआ है. यह डाकघर मुख्यमंत्री आवास के ठीक सामने है.

राज्य के पुलिस प्रमुख जयकुमार सिंह का कहना है, "हमें यह नहीं पता कि मणिपुर के कई अलगाववादी संगठनों में से किसने ये विस्फोट किया है."

दो वर्ष पहले भी मुख्यमंत्री इबोबी सिंह पर जानलेवा हमला हुआ था. उस समय लॉंचर से दागा गया बम उनके आवास के अंदर फटा लेकिन वो बाल-बाल बच गए.

पीपुल्स रिवोल्यूशनरी पार्टी ऑफ़ कांगलीपाल ने ताज़ा धमाके की ज़िम्मेदारी ली है.

यह संगठन राज्य के मैतेई समुदाय के लिए अलग राज्य की माँग कर रहा है.

बर्मा से सटे मणिपुर में दर्जनों अलगाववादी संगठन सक्रिय हैं. ये राज्य के अलग-अलग समुदायों का समर्थन प्राप्त होने का दावा करते आए हैं.