http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 18 अक्तूबर, 2008 को 12:57 GMT तक के समाचार

कंधमाल में दिन का कर्फ़्यू हटा

अगस्त और सितंबर में कई हफ़्ते तक साप्रदायिक हिंसा से ग्रस्त रहे उड़ीसा के कंधमाल ज़िले के सभी इलाक़ों से दिन का कर्फ़्यू पूरी तरह हटा लिया गया है. कुछ क्षेत्रों में ऐहतियातन रात का कर्फ़्यू फ़िलहाल जारी रहेगा.

कंधमाल ज़िले में कई स्थानों पर अगस्त और सितंबर में सांप्रदायिक हिंसा के बाद कर्फ़्यू लगा दिया गया था.

समाचार एजेंसियों ने पुलिस के हवाले से कहा है कि स्थिति में लगातार सुधार के बाद नौ थाना क्षेत्रों से दिन का कर्फ़्यू पूरी तरह हटा दिया गया है.

पुलिस के अनुसार पाँच थाना क्षेत्रों में रात का कर्फ़्यू जारी रहेगा. इन क्षेत्रों में धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा भी जारी रहेगी.

स्थिति सुधरी

समाचार एजेंसी आईएएनएस ने जिलाधिकारी कृष्ण कुमार के हवाले से कहा है, "स्थिति में सुधार के बाद हमने चार थाना क्षेत्रों से कर्फ़्यू पूरी तरह हटा लिया है. इसके अलावा शुक्रवार की रात से ज़िले के अधिकाँश क्षेत्रों से निषेधाज्ञा भी ख़त्म कर दी गई है."

ज़िलाधिकारी ने कहा कि पिछले दो हफ़्ते से ज़िले में हिंसा की कोई घटना नहीं हुई है.

विश्व हिंदू परिषद यानी विहिप के नेता स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती और उनके चार सहयोगियों की 23 अगस्त को हत्या के बाद कंधमाल में सांप्रदायिक हिंसा का लंबा दौर चला था.

ईसाइयों के ख़िलाफ़ ख़ासी हिंसा हुई थी और गिरिजाघरों पर हमले हुए थे. एक नन के कथित बलात्कार और एक फ़ादर की बुरी तरह पिटाई के मामले भी सामने आए थे.

उड़ीसा सरकार के अनुसार इस सांप्रदायिक हिंसा में कम से कम 35 लोग मारे गए और सैकड़ों की संख्या में लोग बेघर हुए.

उड़ीसा सरकार ने सांप्रदायिक हिंसा की न्यायिक जाँच के आदेश दिए हैं. न्यायाधीश एससी महापात्र की अध्यक्षता वाले आयोग ने शुक्रवार से जाँच शुरू कर दी है.