मंगलवार, 14 अक्तूबर, 2008 को 21:19 GMT तक के समाचार
उत्तर प्रदेश के बाद अब मध्य प्रदेश सरकार ने मंगलवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की एक रैली के आयोजन को अनुमति देने से इंकार कर दिया है.
मध्य प्रदेश सरकार का कहना है कि आयोजन स्थल अत्यंत रिस्क वाला है इसलिए रैली की अनुमति नहीं दी जा सकती है.
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रमुख सुरेश पचौरी ने भोपाल में संवाददाताओं को जानकारी देते हुए कहा, ‘ राज्य सरकार ने सोनिया जी की रैली के आयोजन को यह कहते हुए अनुमति नहीं दी है कि आयोजन स्थल अत्यंत रिस्क वाला क्षेत्र है. यह रैली लाल परेड मैदान में होनी थी. ’
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की भारतीय जनता पार्टी सरकार के दबाव में रैली के आयोजन की अनुमति नहीं दी गई है.
उन्होंने बताया कि सोनिया गांधी को 19 नवंबर को होने वाली रैली में आकर राज्य में पार्टी के चुनाव प्रचार की शुरुआत करनी थी.
रा्ज्य में 25 नवंबर को विधानसभा चुनाव होने हैं.
उल्लेखनीय है कि इससे पहले उत्तर प्रदेश की मायावती सरकार ने सोनिया गांधी के लोकसभा क्षेत्र रायबरेली में निषेधाज्ञा लगा दी थी जिसके कारण वहां आयोजित होने वाली रैली को रद्द करना पडा.
इसके जवाब में कांग्रेस अध्यक्ष ने रैली तो नहीं की लेकिन रायबरेली में रोडशो किया और उन्होंने मायावती के ख़िलाफ़ अत्यंत आक्रामक रुख अपनाया.
सोनिया गांधी का कहना था कि रायबरेली उनकी कर्मभूमि है जहां आने से उन्हें कोई नहीं रोक सकता और अगर रोका गया तो वो इसके लिए जेल
जाने को भी तैयार हैं.