मंगलवार, 14 अक्तूबर, 2008 को 11:10 GMT तक के समाचार
असम के धुबरी ज़िले में यात्रियों से भरी एक बस और ट्रक के बीच हुई टक्कर में कम से कम 23 लोगों की मौत हो गई है.
सोमवार की देर रात हुई इस दुर्घटना में कम से कम 12 लोग घायल हुए हैं जिन्हें ज़िला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बस में अधिकतर काम पर जाने वाले मज़दूर थे.
भारत में प्रत्येक साल सैकड़ों लोग सड़क दुर्घटना में मारे जाते हैं. ज़्यादातर दुर्घटनाओं के लिए असावधानी से गाड़ी चलाना और जर्जर वाहनों को ज़िम्मेदार माना जाता है.
पुलिस अधिकारी पार्थसारथी महंत ने समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस को बताया, "बस में 67 यात्री सवार थे. आलू से लदे एक ट्रक को तेज़ गति से आ रही बस ने टक्कर मार दी जिससे इस दुर्घटना में लोग हताहत हुए."
उन्होंने बताया कि बस में सिर्फ़ 35 यात्रियों के लिए जगह थी. बस चालक ने अपना नियंत्रण खो दिया और सड़क पर खड़े ट्रक को टक्कर मार दी.
दुर्घटना में दोनों वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए.