सोमवार, 13 अक्तूबर, 2008 को 20:23 GMT तक के समाचार
रायबरेली में रेलवे की कोच फैक्ट्री के लिए ज़मीन का आवंटन रद्द करने के मायावती सरकार के फ़ैसले पर इलाहाबाद हाई कोर्ट ने रोक लगा दी है जिसके बाद मायावती सरकार ने रायबरेली में निषेधाज्ञा लागू कर दी है.
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी मंगलवार को अपने लोकसभा क्षेत्र रायबरेली के लालगंज में एक रैली करने वाली थीं लेकिन निषेधाज्ञा के बाद रैली का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है.
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह के अनुसार सोनिया गांधी ने रैली का कार्यक्रम रद्द कर दिया है लेकिन वो रायबरेली का दौरा करेंगी.
प्रसाद के अनुसार सोनिया गांधी लालगंज भी जाएंगी जहां वो लाइफ़लाइन एक्सप्रेस ट्रेन का निरीक्षण करेंगी.
उल्लेखनीय है कि रेलवे ने रायबरेली में एक कोच फ़ैक्ट्री लगाने की घोषणा की थी जिसके लिए ज़मीन भी आवंटित हो गई थी. इस फ़ैक्ट्री के शिलान्यास से कुछ दिन पहले मायावती सरकार ने इसका आवंटन रद्द कर दिया था.
केंद्र सरकार मायावती सरकार के इस फ़ैसले के ख़िलाफ़ कोर्ट में गई और कोर्ट ने राज्य सरकार के फ़ैसले पर स्टे लगा दिया है.
इस स्टे के बाद स्थानीय प्रशासन ने लालगंज में निषेधाज्ञा लगा दी है.
ज़िलाधीश संतोष श्रीवास्तव का कहना था, "हमने धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लगा दी है."
हालाँकि उन्होंने इसका साफ़-साफ़ कोई कारण नहीं बताया कि निषेधाज्ञा क्यों लगाई गई है.