रविवार, 12 अक्तूबर, 2008 को 11:53 GMT तक के समाचार
उमर फ़ारूक़
बीबीसी संवाददाता, हैदराबाद
आंध्र प्रदेश के आदिलाबाद ज़िले के एक गाँव में कुछ अज्ञात लोगों ने एक ही घर के छह लोगों को ज़िंदा जला दिया है जिसके बाद सांप्रदायिक हिंसा से प्रभवित इस ज़िले में स्थिति और बिगड़ गई हैं.
छह लोगों को ज़िंदा जलाए जाने की ये घटना रविवार तड़के हुई.
राज्य के गृह मंत्री के जना रेड्डी ने बताया, "दंगा प्रभावित भैंसा शहर के क़रीब वटोली गाँव में तीन घरों में आग लगा दी गई जिसमें तीन बच्चों समेत कुल छह लोग जलकर मर गए."
मरने वालों की शिनाख़्त महमूद ख़ान, नोमान, अरसलान, रिज़वाना, सफ़िया बेगम और दो वर्षीय बच्ची तूबा फ़लक के तौर पर हुई है.
रविवार की सुबह जैसी ही इस घटना की ख़बर फैली, ज़िले के देहातों में तनाव और अफ़रा-तफ़री फैल गई.
दोषी पकड़े जाएंगें
|
|
गृह मंत्री के जना रेड्डी ने हैदारबाद में संवाददाताओं को बताया कि पुलिस गाँव में पहुँच चुकी है और अगल-बगल के गाँव में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है.
उनका कहना था, "पुलिस मामले की जाँच कर रही है और दोषी पकड़े जाएँगें." रेड्डी के अनुसार भैंसा में शांति है और हालात क़ाबू में हैं.
वारंगरल रेंज के पुलिस महानिरीक्षक जे पूरण चंद्र राव घटना स्थल पर पहुँच चुके हैं.
इस घटना के दो दिन पहले भैंसा के नज़दीक के गाँव में दंगा भड़क उठा था जिनमें चार लोग मारे गए थे. दंगे के दौरान बड़े पैमाने पर आगज़नी और लूटपाट हुई थी.
हैदारबाद से लोकसभा सदस्य और मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुसलमीन के अध्यक्ष असदद्दीन औवेसी भी घटना स्थल पहुँच चुके हैं. उन्होंने राज्य सरकार पर आरोप लगया है कि वो अल्पसंख्यको को सुरक्षा देने में नाकाम रही है.