शुक्रवार, 10 अक्तूबर, 2008 को 13:52 GMT तक के समाचार
भारत में निर्वासित जीवन बिता रहे तिब्बतियों के धर्म गुरु दलाई लामा का राजधानी दिल्ली के एक अस्पताल में सफलतापूर्वक ऑपरेशन किया गया है.
तिब्बती धर्मगुरू को पित्ताशय में पथरी की शिकायत थी जिसे दिल्ली में ऑपरेशन के ज़रिए बाहर कर दिया गया है.
दलाई लामा के एक प्रवक्ता के अनुसार, 'ये ऑपरेशन एक नियमित प्रक्रिया थी, और यह 'सफल' रही है.
गुरूवार को 73 वर्षीय तिब्बतियों के धर्मगुरु दलाई लामा को अस्पताल में भर्ती कराया गया था.
ग़ौरतलब है कि अगस्त महीने में भी उन्हें पेट में दर्द की शिकायत के बाद मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था.
दलाई लामा 1959 में तिब्बत से निर्वासित किए जाने के बाद से ही हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला इलाके में रह रहे हैं.
इधर कुछ दिनों से डाक्टरों ने उन्हें सलाह दी थी कि लंबी दूरी की यात्रा न करें और अधिक से अधिक आराम करें.
सुधार
दलाई लामा के एक सहयोगी ने एक समाचार एजेंसी को बताया है कि ऑपरेशन के बाद अब उनकी सेहत अच्छी है.
दलाई लामा के सलाहकारों के अनुसार पिछले महीने उन्होंने थकान की शिकायत के बाद मैक्सिको और डोमिनिक रिपब्लिक की यात्राएं स्थगित कर दी थीं.
इस वर्ष मार्च में तिब्बत में प्रदर्शनकारियों और चीनी सुरक्षाकर्मियों के बीच हिंसा होने के कारण कई लोग मारे गए थे.
इस घटना के बाद नोबेल पुरस्कार विजेता दलाई लामा के ख़िलाफ़ चीन ने अपनी तीखी बयानबाज़ी और तेज़ कर दी थी.
चीन तिब्बत में हिंसा के भड़क उठने के लिए दलाई लामा को दोषी मानता है जबकि वो इससे इनकार करते हैं.