http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 09 अक्तूबर, 2008 को 23:05 GMT तक के समाचार

पाकिस्तान में अमरीकी मिसाइल हमला

अफ़ग़ानिस्तान की सीमा से लगे पाकिस्तान के क़बायली इलाक़े में एक संदिग्ध अमरीकी मानवरहित विमान से दागे गए मिसाइल से कम से कम छह लोग मारे गए हैं.

पाकिस्तान सुरक्षाबलों के एक अज्ञात सूत्र का कहना है कि उत्तरी वज़ीरिस्तान के टप्पी गाँव में एक घर पर यह मिसाइल हमला हुआ.

मारे गए लोगों में कई अरब नागरिक शामिल हैं.

अफ़ग़ानिस्तान की सीमा से पाकिस्तान में चरमपंथियों को निशाना बनाकर किए जा रहे हमलों को लेकर अमरीका और पाकिस्तान के रिश्तों में तनाव पैदा हो गया है.

इससे पहले पाकिस्तान में जेल की एक गाड़ी के क़रीब किए गए एक आत्मघाती हमले में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई. इस विस्फोट की चपेट में एक स्कूल बस भी आ गई थी.

स्वात घाटी में किया गया यह विस्फोट रिमोट कंट्रोल से किया गया था.

अरब मारे गए

पाकिस्तानी ख़ुफ़िया सूत्रों के हवाले से पश्चिमी समाचार एजेंसियों ने जो ख़बरें दी हैं उसमें टप्पी गाँव के उस घर के मालिक के नाम और मारे गए लोगों के बारे में जानकारियाँ अलग-अलग हैं.

जहाँ यह हमला हुआ है वह वज़ीरिस्तान के मुख्य शहर मीरानशाह से 20 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है.

कुछ रिपोर्टों के अनुसार नौ लोगों की मौत हुई है.

मारे गए लोगों में से कई अरब नागरिक हैं और संदेह है कि वे चरमपंथी थे.

अमरीकी सेना का आरोप है कि पाकिस्तान के क़बायली इलाक़ों में पनाह लिए हुए चरमपंथी वहाँ से अफ़ग़ानिस्तान में अमरीकी नेतृत्व वाली सेना पर हमले करते हैं.

गुरुवार को किए गए हमले के एक हफ़्ते पहले ही इसी इलाक़े में बम हमला किया गया था जिसमें कम से कम 20 लोगों की जानें गईं थीं.

इस बीच पाकिस्तान की संसद का एक विशेष सत्र चल रहा है जिसमें पाकिस्तान की अंदरुनी सुरक्षा के बारे में गोपनीय जानकारियों पर चर्चा हो रही है.