मंगलवार, 07 अक्तूबर, 2008 को 07:26 GMT तक के समाचार
भारत प्रशासित कश्मीर में अलगाववादियों की रैली को देखते हुए लगाया गया कर्फ़्यू मंगलवार की सुबह से हटा लिया गया है. अब वहाँ जनजीवन सामान्य हो रहा है.
अलगाववादियों ने सोमवार को श्रीनगर के लाल चौक में रैली निकालने की घोषणा की थी और इसके बाद प्रशासन ने शनिवार की रात से पूरी घाटी में कर्फ़्यू लागू कर दिया था.
अलगाववादियों की संयोजन समिति ने सोमवार को कहा कि रैली निकालने का उनका मक़सद प्रशासन के कर्फ़्यू लगाने से पूरा हो गया है.
समिति का कहना है कि वे याद दिलाना चाहते थे कि 1947 में तत्कालीन प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री ने जनमत संग्रह का वादा किया था लेकिन रैली के बिना भी यह संदेश चला गया है.
समिति ने लोगों से अपील की थी कि वे अपना कारोबार फिर से शुरु कर दें.
इसके बाद प्रशासन ने मंगलवार की सुबह पाँच बजे से कर्फ़्यू हटाने की घोषणा कर दी थी.
श्रीनगर और घाटी में दूसरी जगह मंगलवार को कोई 50 घंटों बाद जनजीवन सामान्य होता दिख रहा है. बाज़ार खुले हुए हैं और लोग सड़कों पर दिखाई दे रहे हैं.
इस बीच अलगाववादियों की एक बैठक बुधवार को बुलाई गई है जिसमें आगे की रणनीति पर विचार किया जाएगा.
चुनाव आयोग का दौरा
इस बीच चुनाव आयोग का एक दल जम्मू कश्मीर की स्थिति का जायज़ा लेने के लिए श्रीनगर में है.
चुनाव आयोग राज्य में चुनाव की परिस्थितियों का आकलन करने के लिए वहाँ पहुँचा है.
राज्य विधानसभा को भंग करने के बाद इस समय राज्य में राष्ट्रपति शासन है.
चुनाव आयोग चाहता है कि पाँच राज्यों के चुनाव के साथ ही जम्मू कश्मीर में चुनाव करवा लिए जाएँ लेकिन प्रशासन के एक हिस्से का मानना है कि अभी वहाँ चुनाव की परिस्थितियाँ नहीं हैं.