गुरुवार, 02 अक्तूबर, 2008 को 14:54 GMT तक के समाचार
पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में संयुक्त राष्ट्र के लिए काम करने वाले विदेशी कर्मचारियों के बच्चों को वहाँ से हटाया जा रहा है.
ऐसा मैरियट होटल में हुए धमाके के बाद सुरक्षा कारणों से किया जा रहा है. पिछले महीने मैरियट होटल में हुए धमाके में 50 से ज़्यादा लोग मारे गए थे.
संयुक्त राष्ट्र का कहना है कि इस फ़ैसले से संस्था के कामकाज पर कोई असर नहीं पड़ेगा. एक दिन पहले ही ब्रिटेन ने भी ऐसी ही घोषणा की थी.
अमरीका ने भी कहा था कि चरमपंथी पाकिस्तान के अस्तित्व को चुनौती दे रहे हैं. इस बीच देश के पश्चिमोत्तर इलाक़े में हुए एक आत्मघाती हमले में चार लोगों की मौत हो गई है.
अहम फ़ैसला
पाकिस्तान में संयुक्त राष्ट्र की सूचना अधिकारी इशरत रिज़वी ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स को बताया कि महासचिव बान-की-मून से मंज़ूरी मिलने के बाद ही यह फ़ैसला किया गया है.
इशरत रिज़वी ने बताया, "सिर्फ़ विदेशी कर्मचारियों के बच्चों को उनके देश भेजा जा रहा है. इसलिए संयुक्त राष्ट्र के कामकाज पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा."
बीबीसी संवाददाताओं का कहना है कि राजधानी इस्लामाबाद में मैरियट होटल धमाके के बाद सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है.
ब्रिटिश एयरवेज़ ने सप्ताह में अपनी छह उड़ान को अनिश्चकालीन रूप से स्थगित कर दिया है. ब्रिटेन ने भी एक दिन पहले अपने कर्मचारियों के बच्चों को वापस लौटने को कहा है.
ब्रितानी विदेश मंत्रालय का कहना है कि इससे 60 बच्चे प्रभावित होंगे.