http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 01 अक्तूबर, 2008 को 09:30 GMT तक के समाचार

'पार्टी में और भी क़ाबिल लोग हैं'

मनमोहन सिंह के एक ताज़ा बयान से ऐसी चर्चा चल पड़ी है कि वे अगले आम चुनाव में कांग्रेस की ओर से प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे या नहीं.

फ़्रांस की यात्रा से लौटते हुए उन्होंने पत्रकारों से कहा, "कांग्रेस की तरफ़ से लोकसभा चुनाव में कौन प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार होगा इसके बारे मे अभी बात करना जल्दबाज़ी होगी."

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी में उनके बराबर या उनसे बेहतर कई ऐसे क़ाबिल नेता मौजूद हैं जो प्रधानमंत्री बन सकते हैं.

अमरीका और फ़्रांस की 10 दिनों की यात्रा के बाद प्रधानमंत्री बुधवार को भारत लौट चुके हैं.

ग़ौरतलब है कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एम वीरप्पा मोइली के इस बयान के बाद कि राहुल गाँधी प्रधानमंत्री पद के शत प्रतिशत दावेदार हैं, प्रधानमंत्री का यह बयान आया है.

प्रधानमंत्री की इस यात्रा के दौरान भारत और फ्रांस के बीच परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में सहयोग के लिए एक व्यापक समझौते पर हस्ताक्षर हुए हैं.