http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 29 सितंबर, 2008 को 07:58 GMT तक के समाचार

अहमदाबाद में सत्रह ज़िंदा बम बरामद

गुजरात पुलिस ने अहमदाबाद में 17 बम बरामद किए हैं जिन्हें निष्क्रिय कर दिया गया है. उधर दिल्ली से सटे फ़रीदाबाद में भी एक बम मिला है.

अहमदाबाद में सोमवार सुबह कालूपुर दरवाज़ा इलाक़े से ये बम एक कचरे के डिब्बे में मिले.

स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी जिसके बाद बम निष्क्रिय दस्ता मौके पर पहुँचा.

पुलिस के मुताबिक ये कम क्षमता के देसी बम थे जिन्हें निष्क्रिय कर दिया गया है.

विस्तृत जाँच के लिए नमूनों को फ़ॉरेंसिक प्रयोगशाला भेजा दिया गया है.

इस घटना के बाद पुलिस ने पूरे शहर में सुरक्षा बढ़ा दी है.

इस वर्ष 26 जुलाई को अहमदाबाद में हुए सिलसिलेवार बम धमाकों में 49 लोग मारे गए थे और 150 से ज़्यादा घायल हुए थे.

गुजरात में नवरात्र आज से ही शुरु हो रहा है. अहमदाबाद में बम बरामद होने के बाद विशेष एहतियाती क़दम उठाए जा रहे हैं.

इस बीच राजधानी दिल्ली से सटे फ़रीदाबाद में भी एक मंदिर के बाहर ज़िंदा बम बरामद किया गया. इसे निष्क्रिय कर दिया गया है.