रविवार, 28 सितंबर, 2008 को 19:01 GMT तक के समाचार
संदीप साहू
भुवनेश्वर से
उड़ीसा में पटाखा बनाने वाले एक कारखाने में हुए विस्फोट में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई है और दो लोग गंभीर रुप से घायल हुए हैं.
घटना बालासोर ज़िले के गुंडुरीपाड़ा गाँव में स्थित पटाखा कारखाने में रविवार की शाम हुई.
घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती किया गया है.
पुलिस का कहना है कि इस हादसे में और लोगों के हताहत होने की आशंका है लेकिन अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है.
पुलिस को संदेह है कि यह पटाखा बनाने का अवैध कारखाना था और अगले महीने दीवाली के लिए पटाखे बनाए जा रहे थे.
घटना
बालासोर से पुलिस अधिकारी यशवंत कुमार जेठवा ने बीबीसी को बताया कि यह हादसा सृष्टिधर नायक के घर पर हुई.
उन्होंने बताया कि जिस समय विस्फोट हुआ उस समय परिवार के कुछ लोग बरामदे में बैठकर टीवी देख रहे थे.
अधिकारियों का कहना है कि विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि घर की छत धसक गई और इससे नुक़सान ज़्यादा हुआ.
सृष्टिधर नायक इस हादसे के बाद से लापता हैं लेकिन उनके परिवार के कुछ लोग मारे गए हैं.
पुलिस घटनास्थल पर पहुँच गई है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि विस्फोट किस वजह से हुआ.