http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 27 सितंबर, 2008 को 10:08 GMT तक के समाचार

दिल्ली के महरौली में धमाका

पुलिस का कहना है कि भारत की राजधानी दिल्ली के दक्षिणी इलाक़े महरौली में शनिवार की दोपहर एक धमाके में एक बच्चे की मौत हो गई है और लगभग 18 लोग घायल हो गए है.

इनमें से चार लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है.

दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता राजन भगत ने बीबीसी को बताया कि यह धमाका महरौली के फूल मार्केट में दोपहर क़रीब सवा दो बजे हुआ.

जिस समय यह धमाका हुआ बाज़ार में काफ़ी भीड़भाड़ थी.

राजन भगत ने बताया कि इस धमाके में एक बच्चे की मौत हो गई है और लगभग 18 लोग घायल हुए हैं.

घायलों को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया गया है.

सुरक्षा कड़ी

दिल्ली पुलिस ने पूरी राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है.

साथ ही घटनास्थल की पुलिस ने घेराबंदी कर दी है और बम निरोधक दस्ते इलाक़े की छानबीन कर रहे हैं.

विस्फोट जहाँ हुआ है वहाँ दुकानें हैं और एक बिजली की दुकान के ठीक सामने धमाका हुआ है.

प्रत्यक्षदर्शी पृथ्वीराज ने बताया कि दो युवक एक मोटरसाइकिल पर आए थे.

उन्होंने प्लास्टिक में लिपटा विस्फोट फेंका जिसे एक बच्चे ने उठा लिया जिसकी वजह से धमाका हुआ और उसकी मौत हो गई.

पुलिस का कहना है कि मोटरसाइकिल सवार युवकों की उम्र 20 से 25 साल बताई जा रही है.

ग़ौरतलब है कि दिल्ली में 13 सितंबर को सिलसिलेवार धमाके हुए थे जिसमें 22 लोग मारे गए थे.