शनिवार, 27 सितंबर, 2008 को 13:08 GMT तक के समाचार
दिल्ली के महरौली बम धमके के बाद गृह मंत्रालय के अधिकारियों ने मीडिया को धमाके के बारे में अटकले लगाने से बाज़ रहने की सलाह दी और स्पष्ट किया कि अभी कुछ भी कहना जल्दबाज़ी होगी.
दूसरी तरफ़ गृह मंत्री शिवराज पाटिल ने आपात बैठक बुलाई, लेकिन बैठक के बाद उन्होने मीडिया से बात नहीं की.
गृह सचिव मधुकर गुप्ता का कहना था कि अधिकारी जाँच में लग गए हैं और इस धमाके के सभी संभावित पहलुओं की जाँच की जा रही है और अभी इस बारे में कुछ भी कहना जल्दबाज़ी होगी.
मधुकर गुप्ता ने बताया के सभी उच्च अधिकारी घटना स्थल पर पहुँच चुके हैं और छानबीन की जा रही है.
पुलिस ने स्पष्ट किया कि वो इस धमाके को दिल्ली में पिछले दिनों हुए सिलसिलेवार बम धमाकों से जोड़कर नहीं देख रही है.
'अटकलें न लगाए'
दिल्ली पुलिस आयुक्त वाई एस डडवाल से जब संवाददातओं ने पूछा कि क्या दिल्ली धमाकों के सिलसिले में जो लोग गिरफ़्तार किए गए हैं, उनसे जुड़े लोगों ने ये धमाका किया है तो उनका कहना था कि अभी कोई अटकलें नहीं लगाई जाएँ.
धमाके के बाद दिल्ली में हाई अलर्ट कर दिया गया है और दिल्ली की सड़कों पर सुरक्षा चौकस कर दी गई है.
मधुकर गुप्ता ने बताया कि इस धमाके में एक बच्चा मारा गया है जबकि 18 अन्य लोग घायल हुए हैं. उनके अनुसार घायलो में से 3-4 की हालत़ गंभीर है. घायलों को एम्स में भर्ती कराया गया है.
धमाके के स्थान को चारों तरफ़ से घेर लिया गया है.