शुक्रवार, 26 सितंबर, 2008 को 05:31 GMT तक के समाचार
संदीप साहू
भुवनेश्वर से बीबीसी हिंदी डॉट कॉम के लिए
उड़ीसा के कंधमाल ज़िले में गुरुवार को सिरसापंगा गांव में दो गुटों के बीच हुए हिंसक संघर्ष में एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया.
राज्य का यह ज़िला एक बार फिर हिंसा की चपेट में है. बुधवार की रात उग्र भीड़ ने ज़िले में कम से कम 40 घरों और एक गिरजाघर पर हमला किया था.
इसके बाद भारी तादाद में सुरक्षाबलों की तैनाती की गई थी पर हिंसक घटनाओं को पूरी तरह से रोका नहीं जा सका है. गुरुवार को भी हिंसा हुई है.
सिरसापंगा गांव से लगे एक अन्य गांव के लोगों ने गुरुवार को हथियारों के साथ सिरसापंगा पर हमला कर दिया. हमले में 10 देसी बमों का इस्तेमाल किया गया और क़रीब छह घरों में आग लगा दी गई.
जब हमलावर गांव के लोग लौट रहे थे तो उनमें से पीछे छूट गए एक व्यक्ति की सिरसापंगा गांव के लोगों ने काट कर हत्या कर दी.
आदिवासी बनाम दलित
चिंताजनक बात यह है कि इस क्षेत्र में हिंसा अब हिंदुओं और ईसाइयों के बीच नहीं, बल्कि आदिवासियों और दलितों के बीच होती नज़र आ रही है.
गुरुवार की हिंसा में एक ओर कंध आदिवासी जाति के लोग थे तो दूसरी ओर पाड़ा जाति के दलित थे. इनमें हिंदु और ईसाई, दोनों शामिल थे.
गुरुवार की हिंसा में मारा गया व्यक्ति हिंदु दलित जाति का है. बुधवार की हिंसा में भी जिन 40 घरों में आग लगा दी गई थी उनमें से आधे से ज़्यादा हिंदु दलितों के थे.
इस इलाके में कर्फ़्यू के बावजूद हिंसा की घटनाओं को रोका नहीं जा सका है और स्थिति यह है कि जी-तोड़ कोशिश के बावजूद पुलिस रास्ते के अवरोधों को हटाकर उन भीतरी इलाकों में नहीं जा पा रही है जहाँ हिंसा ज़्यादा हो रही है.
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सीआरपीएफ़ की सात और कंपनियाँ प्रभावित इलाकों में भेजी जा रही है.
केंद्र बनाम राज्य
उधर मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने गुरुवार को केंद्र सरकार को लिखित जवाब देते हुए कहा है कि छिटपुट हिंसाओं के अलावा क़ानून व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है.
नवीन पटनायक केंद्र सरकार के उस पत्र का जवाब दे रहे थे जिसमें केंद्र ने राज्य सरकार को ज़िले की चिंताजनक स्थिति पर तुरंत काबू पाने की हिदायत दी थी.
साथ ही मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जिस तादाद में केंद्रीय सुरक्षाबलों की ज़रूरत है, उसे केंद्र सरकार ने नकार दिया है.
राज्य सरकार ने केंद्र सरकार से कंधमाल की स्थिति को संभालने के लिए 10 कंपनी सीआरपीएफ़ की माँग की थी जिसे केंद्रीय गृह विभाग से यह कहकर खारिज कर दिया कि राज्य सरकार को पहले से मिली हुई 23 कंपनी सीआरपीएफ़ का उचित इस्तेमाल करना चाहिए.
उड़ीसा संप्रदायिक तौर पर संवेदनशील प्रदेश है और यहाँ ईसाइयों पर पहले भी हमले होते रहे हैं.
22 जनवरी 1999 को ऑस्ट्रेलियाई ईसाई मिशनरी ग्राहम स्टेंस और उनके दो बेटों के आग में झुलसे हुए शव क्योंझर के मनोहपुर गाँव में उनकी जीप में पाए गए थे.