http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 25 सितंबर, 2008 को 07:58 GMT तक के समाचार

इस्लामाबाद हवाईअड्डे पर अलर्ट घोषित

पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गुरुवार को सुरक्षा घेरा और मज़बूत कर दिया गया है.

बताया जा रहा है कि ऐसा खुफ़िया विभाग की ओर से किसी आत्मघाती हमले की आशंका के तहत किया गया है.

जानकारी के मुताबिक पाकिस्तान की खुफ़िया एजेंसियों ने आशंका व्यक्त की थी कि एक आत्मघाती हमलावर हवाईअड्डे को अपना निशाना बनाने का प्रयास कर रहा है.

हालांकि हवाईअड्डे से उड़ाने सामान्य रूप से ही चल रही हैं पर हवाईअड्डा परिसर के कुछ भवनों को बंद कर दिया गया है.

बीबीसी संवाददाता ने बताया कि पिछले सप्ताह मैरियट होटल पर हुए हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियाँ किसी भी तरह की ढील नहीं रहने देना चाहती हैं.

पिछले सप्ताह राजधानी इस्लामाबाद के वीआईपी इलाके में स्थित मैरियट होटल के बाहर एक ट्रक में विस्फोटक लाकर हमला किया गया था जिसमें 50 से ज़्यादा लोगों की जान चली गई थी.

इस घटना में ढाई सौ से अधिक लोग घायल हो गए थे.

उधर ब्रितानी मूल की विमानन कंपनी, ब्रिटिश एयरवेज़ ने अनिश्चितकाल के लिए इस्लामाबाद से अपनी हवाई सेवाएं स्थगित कर दी हैं.

अमरीकी और ब्रितानी सरकार ने पाकिस्तान में रह रहे अपने नागरिकों को भी सचेत रहने का सुझाव दिया है और कुछ हिदायतें जारी की हैं.