मंगलवार, 23 सितंबर, 2008 को 10:41 GMT तक के समाचार
सुबीर भौमिक
बीबीसी संवाददाता, कोलकाता
पश्चिम बंगाल में अधिकारियों ने बताया है कि सिंगुर में टाटा मोटर्स प्लांट के दो सुरक्षागार्डों पर हमला किया गया है.
पुलिस ने बताया है कि पांच हथियारबंद लोग टाटा फ़ैक्ट्री परिसर में घुस गए और दो सुरक्षागार्डों को लोहे के सरियों से पीटा.
उनकी चीखें सुनकर अन्य सुरक्षाकर्मी भी वहाँ पहुँच गए लेकिन हमलावरों को पकड़ नहीं पाए. घायलों को सिंगुर के पास वाल्श अस्पताल में भर्ती करवाया गया है.
ये हमला ऐसे समय किया गया है जब टाटा ने चुपचाप सिंगुर से नैनो कार परियोजना का काम स्थानांतरित करना शुरु कर दिया है.
सिंगर प्लांट को लेकर टाटा और पश्चिम बंगाल की विपक्षी पार्टी तृणमूण कांग्रेस के बीच संघर्ष चल रहा है.
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल गोपालकृष्ण गांधी की मध्यस्थता के बाद राज्य सरकार और ममता बैनर्जी के बीच सिंगुर मुद्दे के हल के लिए समझौता भी हो गया था लेकिन अब दोनों पक्ष फिर पुराने रुख़ पर कायम हो गए हैं.
टाटा का कहना है कि अगर विस्थापित किसानों के लिए पुनर्वास योजना का असर उसके प्लांट पर पड़ता है तो वो सिंगुर से परियोजना हटा लेगा.
टाटा के मुताबिक 645 एकड़ ज़मीन पर मुख्य प्लांट उसी पार्क के पास बनना चाहिए जहाँ छोटे कलपुर्ज़े बनाने वाला छोटा प्लांट लगेगा.
लेकिन विपक्ष इस माँग पर अड़ी हुई है कि सिंगुर में किसानों को ज़मीन के बदले ज़मीन दी जाए. ममता बैनर्जी की माँग है कि किसानों को ज़मीन परियोजना वाले इलाक़े में ही दी जाए वरना दुर्गा पूजा के बाद प्रदर्शन फिर शुरु हो जाएँगे.
बीबीसी के पास पुख़्ता जानकारी है कि टाटा मोटर्स ने कई कुल पुर्जों का कामकाज स्थानांतरित करना शुरु कर दिया है.