http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 23 सितंबर, 2008 को 21:24 GMT तक के समाचार

मनमोहन सिंह की ज़रदारी से मुलाक़ात

भारतीय प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक के दौरान बुधवार को पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ़ अली ज़रदारी से मुलाक़ात करेंगे.

प्रधानमंत्री के साथ गए भारतीय विदेश सचिव शिवशंकर मेनन ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि दोनों नेता आतंकवाद और नियंत्रण रेखा के उल्लंघन के मुद्दों पर चर्चा करेंगे.

उनका कहना था कि दोनों नेताओं के बीच कई अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी बातचीत होगी.

भारतीय विदेश सचिव ने बताया कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह चीन के प्रधानमंत्री वेन जियाबाओ से भी मिलेंगे.

मनमोहन सिंह दो साल बाद संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करने जा रहे हैं.

मनमोहन सिंह की चीन के प्रधानमंत्री से मुलाक़ात को इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि ये परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह से मिली विशेष छूट के तुरंत बाद हो रही है.

मनमोहन सिंह गुरुवार को राष्ट्रपति बुश से वाशिंगटन में उनके ओवल दफ़्तर में मुलाक़ात करेंगे.

ये मुलाक़ात ऐसे समय हो रही है जबकि भारत-अमरीका परमाणु समझौते को अंतिम रूप देने के लिए अमरीकी कांग्रेस को मंज़ूरी देनी है और उसे लेकर अब भी अनिश्चितता कायम है.