http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 22 सितंबर, 2008 को 01:36 GMT तक के समाचार

'ख़ास स्थानों' को निशाना बनाएंगे

पाकिस्तान की सरकार ने मैरियट होटल पर आत्मघाती हमलों को अंजाम देने वाले चरमपंथियों के ख़िलाफ़ निश्चित कार्रवाई करने की प्रतिबद्धता जताई है.

इस्लामाबाद के मैरियट होटल पर शनिवार को हुए हमले में 53 लोग मारे गए और 266 लोग घायल हुए थे.

गृह मंत्रालय के सलाहकार रहमान मलिक ने कहा कि जल्दी ही अफ़गानिस्तान सीमा पर कुछ ' ख़ास स्थानों ' पर छापे मारे जाएंगे.

इससे पहले अधिकारियों ने स्पष्ट कहा था कि मैरियट होटल के बाहर हुए धमाके में अफ़ग़ानिस्तान से सटे क़बायली इलाक़ों के चरमपंथियों का हाथ है.

हालांकि अभी तक किसी संगठन ने इन हमलों की ज़िम्मेदारी नहीं ली है लेकिन रहमान मलिक का कहना था कि इसकी ज़िम्मेदारी अफ़गान सीमा पर संघीय स्तर पर प्रशासित कबीलाई इलाक़ों में रह रहे अल क़ायदा और तालिबान चरमपंथियों की है.

उन्होंने कहा, ' पहले के भी हमलों में सारे सबूत इसी इलाक़े की तरफ़ जाते हैं.'

इन हमलों में अमरीकी रक्षा विभाग के दो अधिकारी और चेक गणराज्य के राजदूत इवो ज़दरैक की भी मौत हुई है.

ज़बर्दस्त हमला

इस्लामाबाद में धमाका

अधिकारियों ने ये भी कहा है कि आत्मघाती हमले में जिस ट्रक का इस्तेमाल किया गया उसमें उच्च गुणवत्ता का छह सौ किलोग्राम विस्फोटक लदा था.

ब्रिटिश एयरवेज़ ने इस घटना को देखते हुए पाकिस्तान की उड़ानें रद्द कर दी है.

इस बीच अधिकारियों ने क्लोज़ सर्किट कैमरे की फुटेज सार्वजनिक की है. इस वीडियो में विस्फोटक से लदे ट्रक को होटल की गेट से टकराते दिखाया गया है.

इन हमलों में 12 विदेशी नागरिक घायल हुए हैं. नीदरलैंड के विदेश मंत्रालय का कहना है कि पाकिस्तान स्थित उनका एक कूटनयिक लापता है.

होटल ढहने की आशंका

अभी भी मलबे को हटाने और लाशों की तलाश का काम चल रहा है, कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है.

धमाके में मारे गए लोगों का अंतिम संस्कार किया जा रहा है. बचाव दल होटल के कोने-कोने में खोजबीन कर रहा है. आशंका जताई जा रही है कि होटल के भीतर से अभी और शव निकल सकते हैं.

अभी तक किसी संगठन ने इस हमले की ज़िम्मेदारी नहीं ली है लेकिन गृह मंत्रालय के सलाहकार रहमान मलिक का कहना है कि इसमें सूबा सरहद के इस्लामी चरमपंथियों का हाथ हो सकता है.