http://www.bbcchindi.com

रविवार, 21 सितंबर, 2008 को 17:25 GMT तक के समाचार

मैरियट के बाहर हुए धमाके का वीडियो

पाकिस्तान पुलिस ने शनिवार रात लगभग आठ बजे इस्लामाबाद के मैरियट होटल की गेट पर हुए भीषण धमाके का एक वीडियो जारी किया है.

इस धमाके में चेक राजदूत सहित 54 लोग मारे गए और ढाई सौ से ज़्यादा घायल हुए हैं.

वीडियो में क्लोज़ सर्किट कैमरे में क़ैद उस ट्रक को दिखाया गया है जिसे धमाके के लिए इस्तेमाल किया गया.

धमाके का वीडियो देखने के लिए यहाँ क्लिक करें

ये ट्रक अचानक होटल की गेट से टकराया जहाँ सुरक्षा जाँच होती है. अधिकारियों का कहना है कि ट्रक चालक ने पहले अपने आपको विस्फोट से उड़ा लिया जिससे ट्रक में आग लग गई.

इसके बाद जब आग ट्रक के पिछले हिस्से में फैली तो भीषण विस्फोट हुआ.

अनुमान है कि ट्रक लगभग छह क्विंटल विस्फोटक पदार्थों से लदा था.

विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि आस-पास के इलाक़े में भूकंप जैसा ज़ोरदार कंपन महसूस किया गया और होटल का गेट एक लगभग बीस फुट गहरे गड्ढे में तब्दील हो गया.

अधिकारियों ने वीडियो का सिर्फ़ वो हिस्सा सार्वजनिक किया है जिसमें ट्रक में आग लगते हुए दिखाया गया है. भीषण विस्फोट के दृश्य नहीं दिखाए गए हैं.