शनिवार, 20 सितंबर, 2008 को 20:18 GMT तक के समाचार
असम की राजधानी गुवाहाटी के पास एक टैंकर ट्रेन से तेल चुराने की कोशिश में ख़तरनाक गैस के संपर्क में आने से 16 लोगों की मौत हो गई है.
अधिकारियों का कहना है कि तीस लोग ट्रेन के पास अचेत पाए गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
इस ट्रेन के डब्बों में डीजल और गैसोलीन भरे हुए थे. गुवाहाटी से सटे ग्रामीण इलाक़े में कुछ लोगों के समूह ने ट्रेन रोककर टैंकर से तेल निकालने की कोशिश की.
बड़ी मात्रा में निकाले गए तेल के वातावरण की गर्मी और हवा के संपर्क में आने के साथ गैस बनी और लोगों का दम घुट गया.
जिनकी तबीयत बिगड़ी है उन्हें असम के कार्बी ऑंगलॉंग और नगालैंड के दीमापुर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.
यह टैंकर ट्रेन असम के नुमालीगढ़ रिफाइनरी लिमिटेड से उत्तर प्रदेश के मुगलसराय स्टेशन जा रही थी.