गुरुवार, 18 सितंबर, 2008 को 07:48 GMT तक के समाचार
भारत प्रशासित जम्मू-कश्मीर के जम्मू शहर में पुलिस ने एक श्रीलंकाई नागरिक को कथित तौर पर 'संदिग्ध गतिविधियों और चरमपंथी वेबसाइटों की सर्फ़िंग' के मामले में गिरफ़्तार किया है.
पुलिस का कहना है कि जम्मू शहर में एक साइबर कैफ़े के मालिक ने पुलिस को सूचना दी की एक शख़्स चरमपंथी वेबसाइटों की सर्फ़िंग कर रहा है. सूचना मिलने के बाद पुलिस ने साइबर कैफ़े पर छापा मारकर उस शख़्स को गिरफ़्तार कर लिया.
गिरफ़्तार किए गए शख़्स की पहचान हसन नफ़ीज़ के तौर पर हुई है. वो श्रीलंका के नागरिक हैं और उनके माता पिता कनाडा में बसे हुए हैं.
'न वीज़ा है और न पासपोर्ट'
पुलिस के अनुसार हसन एक महीने पहले भारत आए थे. पुलिस का कहना है कि उनके पास न वीज़ा है और न ही पासपोर्ट है लेकिन वे इस दौरान एक शहर से दूसरे शहर में घूमते रहे हैं.
पुलिस ने इस श्रीलंकाई नागरिक से पूछताछ करनी शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि वह इस व्यक्ति और और भारतीय चरमपंथी संगठनों के बीच संभावित संबंधों की जाँच कर रही है.
ख़बरों के मुताबिक़ पुलिस इस मामले को दिल्ली स्थित श्रीलंका के दूतावास के सामने भी रख सकती है. शुरुआती जाँच में पुलिस ने पाया है कि हसन नफ़ीज़ कुछ समय दिल्ली में भी रुके थे.
पुलिस का कहना है कि इनके मक़सद और मंशा के बारे में तो विस्तृत जाँच के बारे में पता चलेगा.