http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 18 सितंबर, 2008 को 07:26 GMT तक के समाचार

बिहारः सड़क दुर्घटना में 14 की मौत

बिहार के सीतामढ़ी ज़िले में एक बस से कुचले जाने के कारण 14 लोगों की मौत हो गई है. घटना में 17 अन्य घायल हो गए हैं.

बस के ड्राइवर को गिरफ़्तार कर लिया गया है और शक़ है कि वह नशे की हालत में बस चला रहा था.

क्रोधित स्थानीय लोगों ने कई घंटे तक सड़क पर चक्का जाम किया और प्रदर्शन किए.

ग्यारह की मौक़े पर मौत

सीतामढ़ी ज़िले के पुलिस अधीक्षक अमिताभ कुमार ने बीबीसी पत्रकार मणिकांत ठाकुर को बताया, "मौके पर ही 11 लोग मारे गए जिनमें तीन बच्चे शामिल हैं. घायल हुए 20 लोगों में से तीन की मौत अस्पताल में हुई."

घटना उस वक्त हुई जब एक हिंदू पर्व के उपलक्ष्य में सड़क के किनारे बैठकर एक फ़िल्म देख रहे लोगों पर तेज़ी से आती एक बस चढ़ गई.

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद बस का ड्राइवर फ़रार हो गया था लेकिन बाद में उसे गिरफ़्तार कर लिया गया. बस को ज़ब्त कर लिया गया है.

माना जा रहा है कि ड्राइवर ने बस पर अपना नियंत्रण खो दिया जिसके कारण ये दुर्घटना हुई.