http://www.bbcchindi.com

रविवार, 14 सितंबर, 2008 को 17:39 GMT तक के समाचार

ताज़ा कार्रवाई में 30 'चरमपंथी' मारे गए

पाकिस्तान की सेना का कहना है कि अफ़ग़ानिस्तान की सीमा से लगे क़बायली इलाक़े में सेना की ताज़ा कार्रवाई में 30 संदिग्ध चरमपंथी मारे गए हैं.

पिछले पाँच दिनों से बाजौड़ में चल रही सैनिक कार्रवाई में 100 से ज़्यादा संदिग्ध चरमपंथी मारे गए हैं.

सेना ने अपनी कार्रवाई में हेलिकॉप्टर, लड़ाकू जेट विमानों का भी इस्तेमाल किया. सेना ने रविवार को लोई साम, रशाकई, तांग खता और गोलोकास में संदिग्ध चरमपंथियों के ठिकानों को निशाना बनाया.

हाल ही में इन्हीं इलाक़ों में अमरीकी कार्रवाई को लेकर पाकिस्तान और अमरीका के बीच तनाव बढ़ गया था. पाकिस्तान ने आधिकारिक रूप से इस पर अपना विरोध दर्ज कराया था.

जवाबी कार्रवाई

पिछले महीने ही पाकिस्तान की सरकार ने कहा था कि वह रमज़ान के पवित्र महीने के दौरान सैनिक कार्रवाई स्थगित रखेगी. लेकिन सरकार ने यह भी स्पष्ट कर दिया था कि वह जवाबी कार्रवाई का अधिकार अपने पास रखेगी.

पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल अख़्तर अब्बास ने बताया कि चरमपंथियों की ओर से चल रहे मोर्टार हमले और क़बायली लोगों को निशाना बनाने के कारण सेना ने जवाबी कार्रवाई का फ़ैसला किया.

उन्होंने कहा, "हो सकता है कि इसमें समय लगे लेकिन इस मुद्दे को पूरी तरह हल करने की ज़रूरत है. हम इलाक़े को तालेबान के हवाले नहीं कर सकते."

अगस्त में इसी इलाक़े में हुई सैनिक कार्रवाई में सैकड़ों संदिग्ध चरमपंथी मारे गए थे. सेना की कार्रवाई के कारण लाखों लोगों को इलाक़े से पलायन करना पड़ा था.

माना जाता है कि अफ़ग़ानिस्तान की सीमा से लगे पाकिस्तान के क़बायली इलाक़े में अल क़ायदा के चरमपंथी भी डेरा जमाए हुए हैं.