रविवार, 14 सितंबर, 2008 को 13:51 GMT तक के समाचार
उड़ीसा के सांप्रदायिक हिंसा से प्रभावित कंधमाल ज़िले में उग्र भीड़ पर पुलिस की गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई है.
पिछले महीने हिंदुओं और ईसाइयों के बीच भड़की हिंसा में 18 लोग मारे गए थे.
ज़िले में तनाव बना हुआ है. शनिवार को अर्धसैनिक बलों और हिंदू प्रदर्शनकारियों की भीड़ के बीच झड़प हो गई है.
पुलिस के मुताबिक़ उग्र भीड़ एक गिरिजाघर पर हमला करने की कोशिश कर रही थी.
पुलिस ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की, तो भीड़ में से किसी ने उन पर गोली चला दी. जिससे एक पुलिसवाला ज़ख़्मी हो गया.
उड़ीसा के पुलिस प्रमुख गोपाल नंदा ने बताया कि पुलिस की जवाबी गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई और 11 लोग घायल हो गए. उड़ीसा में सांप्रदायिक हिंसा होती रही है.
ताज़ा हिंसा विश्व हिंदू परिषद के एक नेता स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वति और उनके चार समर्थकों की हत्या के बाद भड़की है.
स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वति की हत्या के बाद में ईसाई मिशनरियों और ठिकानों को निशाना बनाया गया था.