http://www.bbcchindi.com

रविवार, 14 सितंबर, 2008 को 15:20 GMT तक के समाचार

अहम सुराग़ हासिल करने का दावा

दिल्ली पुलिस ने राजधानी में हुए सिलसिलेवार बम धमाकों के बारे में पुख़्ता जानकारी और सबूत होने का दावा किया है.

एक उच्च स्तरीय बैठक के बाद दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता राजन भगत ने कहा कि पुलिस के पास उन लोगों के ख़िलाफ़ 'पुख़्ता सबूत' जिन्होंने इस घटना को अंजाम दिया है.

पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ भी की जा रही है. लेकिन इन लोगों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है.

शनिवार की शाम छह से सात बजे के बीच अलग-अलग स्थानों पर हुए पाँच बम धमाकों में अब तक 21 लोग मारे जा चुके हैं जबकि 97 घायल हैं. इसके अलावा चार बम निष्क्रिय भी किए गए थे.

दिल्ली धमाकों की तस्वीरें

आला अधिकारियों की रविवार हुई बैठक में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की गई और हर स्तर पर सुरक्षा स्थिति मज़बूत की गई है.

दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता राजन भगत ने बताया कि संदिग्ध लोगों के स्केच बनाने का काम चल रहा है और जल्दी ही ये स्केच जारी किए जाएँगे.

पुलिस ने उन दो कूड़ा बीनने वालों को पचास पचास हज़ार रुपए का ईनाम देने की घोषणा की है जिन्होंने रीगल सिनेमा और इंडिया गेट पर बम की शिनाख्त कर के कई लोगों जानें बचाईं.

हिदायत

इन दोनों को मानद( ऑनरेरी) पुलिस अधिकारी का दर्जा दिया गया है लेकिन इनकी पहचान छुपा कर रखी गई है.

इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राजधानी दिल्ली में सिलसिलेवार धमाकों के बाद राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को सतर्क रहने और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की हिदायत दी है.

साथ ही दिल्ली में अस्पतालों में चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य प्रशासन को भी सतर्क कर दिया गया है.

राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने धमाकों की कड़ी निंदा की है. गृह मंत्री शिवराज पाटिल ने धमाकों की निंदा करते हुए दोषियों को कड़ी सज़ा देने की बात कही.

उन्होंने कहा कि सरकार ऐसे तत्वों से मज़बूती से निपटेगी और सुरक्षा एजेंसियां जल्द इन घटनाओं के तह में जाएगी और दोषियों को सज़ा दी जाएगी.

गृह मंत्री शिवराज पाटिल ने कहा कि शनिवार को भीड़ भरे बाजारों में धमाके ये दर्शाते हैं कि हमला करनेवालों की मंशा ज़्यादा से ज़्यादा लोगों को हताहत करने की थी.

उनका कहना था कि राष्ट्र विरोधी तत्व शांति में बाधा पहुँचाने और देश के विभिन्न भागों में लोगों के बीच दहशत फ़ैलाने की कोशिश कर रहे हैं.

इधर सिलसिलेवार धमाकों में मरनेवालों के परिजनों को दिल्ली सरकार पाँच लाख और घायल हुए लोगों को 50 हजार रुपए का मुआवज़ा देगी.

दूसरी ओर केंद्र सरकार ने मृतकों के परिजनों को तीन लाख रुपए का मुआवज़ा देने की घोषणा की है.

दिल्ली सरकार ने ऐलान किया है कि घायलों का मुफ़्त इलाज किया जाएगा.

शनिवार की शान ये धमाके कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क और बाराखंभा रोड, गफ़्फ़ार मार्केट और ग्रेटर कैलाश-1 में हुए.

इसके अलावा तीन स्थानों- सेंट्रल पार्क, रीगल सिनेमा और इंडिया गेट पर बम निष्क्रिय किए गए.

दिल्ली में भारतीय समयानुसार लगभग साढ़े छह बजे सबसे पहले करोल बाग- ग़फ़्फ़ार मार्केट इलाक़े में धमाके की ख़बर आई. इसके बाद ग्रेटर कैलाश-1, कनॉट प्लेस के बाराखंभा रोड और सेंट्रल पार्क इलाक़ों में धमाके हुए.